गोरखपुर: पंचायत चुनाव को लेकर सभी दलों का दावा, जानें क्या है पूरा मामा

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर(www.arya-tv.com) जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायतों के आरक्षण की अनंतिम सूची जारी होने के साथ ही भाजपा ने पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तरह हर बूथ पर पन्ना प्रमुख बनाने का फैसला किया है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि जिला पंचायत वार्डों का चुनाव दमदारी से लड़ा जाएगा। चुनाव में जीत के बाद गोरखपुर, आजमगढ़ व बस्ती मंडल के ज्यादातर जिलों में भाजपा का जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने का काम किया जाएगा।

भाजपा में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी बहुत पहले से चल रही है। जिला पंचायत वार्ड स्तर तक की बैठकें हो चुकी हैं। अब प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज की जाएगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष का कहना है कि प्रत्याशी बनाने में कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पांच से 10 मार्च तक ग्राम पंचायत स्तर की बैठकें होंगी। इसमें बूथ समितियों के पदाधिकारी, बूथ पर निवास करने वाले भाजपा के मंडल व प्रदेश स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे।

पंचायत चुनाव जीतने के मुद्दे पर विचार विमर्श कर रणनीति बनाएंगे। बैठक में गांव के सामाजिक समीकरण को समझते हुए सामाजिक टोली और संपर्क टोली बनाई जाएगी। मतदाता सूची के अनुसार पन्ना प्रमुख के नाम को अंतिम रूप देना है।

पार्टी नेतृत्व की मंशा के अनुसार पंचायत चुनाव में पन्ना प्रमुख की पद्धति अपनाई जाएगी। अब तक इसका प्रयोग लोकसभा और विधानसभा चुनाव में ही होता रहा है। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन ने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष की देखरेख में चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।