लखनऊ में हुआ देवरिया के विधायक का निधन

Gorakhpur Zone UP

देवरिया।(www.arya-tv.com) देवरिया जिले के देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जन्मेजय सिंह (उम्र 75 वर्ष) का लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार की रात करीब 1:00 बजे निधन हो गया।

परिवार में 3 पुत्र व चार पुत्रियां समेत भरा पूरा परिवार है। उनकी पत्नी का निधन 6 वर्ष पहले हो चुका है। शुक्रवार की सुबह पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव देवगांव में लाया गया। गुरुवार की रात करीब आठ बजे लखनऊ स्थित विधायक निवास में उनकी तबीयत खराब हुई उसके बाद उन्हें श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया वहां हालत बिगड़ने पर राम मनोहर लोहिया अस्पताल लखनऊ ले जाया गया।

इलाज के दौरान उन्होंने रात में करीब 1:00 बजे अंतिम सांस ली। वह हृदय रोग व अन्य कई बीमारी से ग्रसित थे। विधायक स्वर्गीय जन्मेजय सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव गौरी बाजार स्थित ग्राम देवगांव में सुबह से ही उनके समर्थकों शुभचिंतकों तथा विभिन्न दलों के लोगों का आना शुरू हो गया है लोग श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

गांव में जिलाधिकारी अमित किशोर पुलिस अधीक्षक डॉ श्रीपति मिश्र के अलावा सांसद डॉक्टर रमापति राम त्रिपाठी जिला अध्यक्ष डॉक्टर अंतर्यामी सिंह पूर्व विधायक रविंद्र प्रताप मल के अलावा विभिन्न दलों के लोग उनके गांव पहुंच गए हैं।

जन्मेजय सिंह तीन बार विधायक रहे। पहली बार वर्ष 2000 में भाजपा के विधायक रहे श्रीनिवास मणि उर्फ श्री बाबू के निधन के बाद हुए उपचुनाव में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर गौरी बाजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए।

उसके बाद वह बहुजन समाज पार्टी से नाता तोड़कर 2005 में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। परिसीमन के दौरान गौरी बाजार विधानसभा क्षेत्र का नाम बदल कर देवरिया विधानसभा क्षेत्र कर दिया गया।

इस दौरान वर्ष 2012 भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े और विधायक चुने गए। उसके बाद फिर वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े और तीसरी बार विधायक निर्वाचित घोषित किए गए। पिछड़ी जाति में जन्मेजय सिंह कद्दावर नेता माने जाते रहे हैं। इस वजह से भारतीय जनता पार्टी में उनकी पकड़ मजबूत थी।