मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में आज दोषियों मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला की सजा पर फैसला सुनाया जाएगा। सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में अदालत दोनों को पहले ही दोषी करार दे चुकी है। अब सजा को लेकर सौरभ के परिवार और आम लोगों की निगाहें अदालत के आदेश पर टिकी हैं।
सौरभ के भाई राहुल उर्फ बबलू ने दोनों दोषियों के लिए फांसी की मांग की है। परिवार को उम्मीद है कि अदालत इस मामले में कड़ी सजा सुनाएगी। वहीं, सजा की तारीख नजदीक आने के साथ जेल प्रशासन ने दोनों दोषियों की निगरानी बढ़ा दी है।
हत्या के मामले में दोनों दोषी करार
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने जांच के बाद दोनों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। हत्या के बाद से दोनों जेल में बंद हैं। अदालत ने सुनवाई पूरी करने के बाद दोनों को दोषी ठहराया और अब सजा सुनाने की तारीख निर्धारित की है।
बेटी के भविष्य को लेकर चिंतित बताई जा रही मुस्कान
दोषी करार दिए जाने के बाद मुस्कान अपनी बेटी के भविष्य को लेकर चिंतित बताई जा रही है। जेल प्रशासन के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज से मनोचिकित्सकों को बुलाकर मुस्कान और साहिल की काउंसलिंग भी कराई गई थी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट अभियोजन अधिकारी को भेजी है।
जेल में दोनों ने कम की बातचीत
चौधरी चरण सिंह जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, मुस्कान और साहिल ने अपनी-अपनी बैरक में दूसरे बंदियों से बातचीत कम कर दी है। दोनों ज्यादातर चुपचाप रह रहे हैं। सजा सुनाए जाने की तारीख करीब आने के चलते उनकी निगरानी भी बढ़ाई गई है।
जेल अधीक्षक के सामने दोनों ने कानूनी सलाह को लेकर भी अपनी बात रखी है। अब अदालत के फैसले से तय होगा कि दोषियों को किस तरह की सजा सुनाई जाती है।
