लखनऊ के अलीगंज इलाके से सोमवार को एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई. यहां संचालित हो रहे एक गेमिंग जोन में भीषण आग लग गई. इस भयावह अग्निकांड में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, उस गेमिंग जोन के ठीक नीचे ही एक पेट शॉप भी मौजूद थी. इस भीषण हादसे के बाद हड़कंप मच गया है और राहत व बचाव का कार्य लगातार जारी है.
अलीगढ़ का कार्यक्रम रद्द कर सीधे लखनऊ पहुंचे मुख्यमंत्री
इस हादसे की संवेदनशीलता और भयावहता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल बड़ा कदम उठाया. सीएम योगी ने अपना अलीगढ़ का कार्यक्रम बीच में ही रद्द कर दिया और वे सीधे लखनऊ पहुंच गए हैं. मुख्यमंत्री खुद ग्राउंड जीरो पर उतरकर पूरी स्थिति की कमान संभाल रहे हैं.
सीएम योगी के लखनऊ पहुंचने के बाद का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:
घटनास्थल का दौरा: मुख्यमंत्री सीधे अलीगंज स्थित घटना स्थल पर जाएंगे और वहां जाकर हालातों का जायजा लेंगे.
KGMU का दौरा: इसके बाद मुख्यमंत्री किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी भी जाएंगे, जहां घायलों का इलाज चल रहा है.
फायर विभाग के अफसरों को फोन पर फटकार, दोषियों को न बख्शने के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है. सूत्रों के मुताबिक, सीएम योगी ने फोन पर ही फायर विभाग के आला अफसरों को कड़ी फटकार लगाई है. ऐसा आरोप था कि आग लगने के करीब आधा घंटे तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंची थीं.
फिलहाल, मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक को सीधे मौके पर भेजा गया है ताकि राहत और बचाव कार्य की निगरानी की जा सके और स्थिति को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके.
