गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र और जरूरतमंद लोगों को सरकार आवास उपलब्ध कराएगी तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के इलाज के लिए हरसंभव आर्थिक सहायता दी जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों के बीच स्वयं पहुंचकर उन्होंने एक-एक व्यक्ति की समस्या सुनी, प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं के समाधान में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
आवास और इलाज के लिए मिला आश्वासन
जनता दर्शन में एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पास रहने के लिए अपना घर नहीं है। इस पर योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन दिया कि उसे सरकार की आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा।
एम्स दिल्ली में उपचार करा रही एक महिला को मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। वहीं, एक अन्य महिला की स्वास्थ्य संबंधी समस्या पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसके इलाज की व्यवस्था गोरखपुर एम्स या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कराई जाए।
