मुख्यमंत्री ने आगरा मेट्रो रेल परियोजना के टनल निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण-टनल निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों और मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने दिसम्बर, 2020 में आगरा आकर मेट्रो कार्य का भूमि पूजन किया था। आगरा के लोग पर्यटन की सुविधाओं के विकास और रोजगार के बेहतर सृजन के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस अत्याधुनिक साधन के लिए लम्बे समय से मांग कर रहे थे। मेट्रो सम्बन्धी यह कार्य युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि पर्यावरण की दृष्टि से आगरा की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए, टी0टी0जेड0 की गाइडलाइन का पालन करते हुए, समय से 06 माह पूर्व ही प्रायाॅरिटी काॅरिडोर के कार्य को सम्पन्न करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि दिसम्बर, 2023 तक 06 कि0मी0 लम्बे प्रायाॅरिटी काॅरिडोर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए। अगस्त, 2024 तक प्रायाॅरिटी काॅरिडोर के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया था।

आगरा मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅर्पोरेशन द्वारा कराया जा रहा है। इसके लिए 02 काॅरिडोर विकसित करने के लिए स्वीकृति दी गयी है, जो 29.4 कि0मी0 लम्बे हैं। 6 कि0मी0 लम्बाई के प्रायाॅरिटी काॅरिडोर पर निर्माण कार्य जारी है। इसमें 03 कि0मी0 एलिवेटेड तथा 03 कि0मी0 अण्डर ग्राउण्ड टनल का निर्माण शामिल है। आज यहां गंगा और यमुना 02 अण्डर ग्राउण्ड टनल निर्माण के कार्य का शुभारम्भ हुआ है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के पवित्र भाव के साथ ‘वन अर्थ, वन फैमिली और वन फ्यूचर’ के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए सभी लोग अतिथि देवो भवः की उत्कृष्ट भावना का परिचय इस अवसर पर देंगे। जी-20 से सम्बन्धित तैयारियां स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधि और जनता-जनार्दन मिलकर तत्परता से कर रहे हैं। यह अवसर आगरा में निवेश एवं पर्यटन की नई सम्भावनाओं को वैश्विक स्तर पर मान्यता देने में सफल होगा। ब्रज भूमि आतिथ्य सेवा के लिए विख्यात है।