‘चाय पर चर्चा’ से जनसंवाद को गति, सरोजनीनगर में 19 हजार से अधिक पत्राचार और 5,725 विकास हुए: डॉ. राजेश्वर सिंह

Uncategorized

लखनऊ। सरोजनीनगर में जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर वार्ड 18 के अलीनगर सुनहरा और वार्ड 56 के विद्यावती द्वितीय स्थित एलडीए कॉलोनी रोड पर ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्षद राम नरेश रावत और पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी के आवास पर हुए इन कार्यक्रमों में क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव सुने गए। अलीनगर सुनहरा में 45 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कुछ का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि अन्य को संबंधित विभागों के पास भेजा गया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर उनका परिवार है और परिवार के प्रत्येक सदस्य की समस्या का समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है।

  • 19 हजार से अधिक पत्राचार, 2,200 से ज्यादा सड़क निर्माण कार्य

डॉ. राजेश्वर सिंह के अनुसार, पिछले लगभग पौने पांच वर्षों में सरोजनीनगर की जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए 19,000 से अधिक पत्राचार किए गए। इनमें लगभग 3,900 मांगें सड़क और नाली से संबंधित थीं, जबकि 2,200 से अधिक सड़क निर्माण एवं संबंधित कार्य पूरे किए गए। उन्होंने क्षेत्र में 48,000 करोड़ रुपये की लागत के 5,725 विकास कार्यों को पूरा कराने, स्वीकृत कराने और आगे बढ़ाने की जानकारी दी।

  • स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष जोर

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में विधायक निधि और मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से लगभग 27 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई। करीब 3,500 आवेदकों में से 2,000 से अधिक लोगों को उपचार के लिए सहायता मिली। शिक्षा के क्षेत्र में 70 विद्यालयों एवं कॉलेजों में डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं के विकास के साथ 2,000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल, टैबलेट और लैपटॉप के माध्यम से प्रोत्साहित करने के प्रयास किए गए।

  • खेल, महिला सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी पहल

युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग में 10,000 से अधिक बच्चों की भागीदारी का उल्लेख किया गया। महिला सशक्तीकरण के लिए तारा शक्ति केंद्रों के माध्यम से कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा तारा शक्ति रसोई के जरिए प्रतिदिन हजारों लोगों को निःशुल्क भोजन देने की जानकारी दी गई। राम रथ के माध्यम से 8,500 से अधिक लोगों को अयोध्या दर्शन कराने की पहल भी चर्चा में रही।

  • एक्सप्रेसवे, मेट्रो और एयरपोर्ट विस्तार पर भी चर्चा

कार्यक्रमों में एक्सप्रेसवे, फ्लाईओवर, एयरपोर्ट विस्तार, मेट्रो और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाना है। अलीनगर सुनहरा में मंडल मंत्री अभय द्विवेदी, ऋषि राम यादव, राहुल मिश्रा, नीरज श्रीवास्तव, राजन गुप्ता, के.के. श्रीवास्तव, विधानसभा संयोजक मुन्ना सिंह सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। एलडीए कॉलोनी रोड पर मंडल अध्यक्ष विनोद मौर्य, पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी, सेक्टर संयोजक अनिल तिवारी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीता दीक्षित सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। दोनों कार्यक्रमों में जनसंवाद के माध्यम से समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान और सरोजनीनगर के समग्र विकास के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।