आमिर खान की अपकमिंग फिल्म ‘ललकार’ लंबे वक्त से सुर्खियों में बनी हुई है, जिसके लिए ऑडियंस काफी ज्यादा एक्साइटेड है. ये फिल्म फैंस के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इसके जरिए आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर 25 साल बाद साथ काम करने जा रहे हैं. एक्टर और डायरेक्टर की इस जोड़ी ने आखिरी बार ‘लगान’ में काम किया था. अब दोनों ने ‘ललकार’ के लिए फिर से हाथ मिलाया है, जिसकी अनाउंसमेंट हाल ही में हुई थी. इस पिक्चर को लेकर बीते रोज खबर सामने आई थी कि इसमें फरहान अख्तर को एक अहम रोल के लिए कास्ट कर लिया गया है. मगर अब पता चला है कि फरहान अख्तर ने इस प्रोजेक्ट से किनारा कर लिया है. इतना ही नहीं, मेकर्स ने उनकी जगह ‘जुबली’ फेम एक्टर सिद्धांत गुप्ता को फिल्म में ले लिया है.
आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर की फिल्म ‘ललकार’ की कास्टिंग में बड़ा बदलाव हुआ है. बताया जा रहा है कि फरहान अख्तर अब इस फिल्म से हट गए हैं और उनकी जगह ‘जुबली’ फेम एक्टर सिद्धांत गुप्ता ने ले ली है. हालांकि, फरहान बतौर प्रोड्यूसर इस प्रोजेक्ट से जुड़े रहने वाले हैं.
फरहान अख्तर ने छोड़ी फिल्म
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, फरहान अख्तर ने शेड्यूल की वजह से फिल्म से अलग होने का फैसला लिया. एक्टर जल्द ही डायरेक्टर नीरज पांडे की आर.डी. बर्मन की बायोपिक पर काम शुरू करने वाले हैं. इस फिल्म के लिए उन्हें लंबी तैयारी करनी होगी और शूटिंग को भी पूरा समय देना होगा. वहीं, ‘ललकारा’ के लिए भी उन्हें कई महीनों की क्रिकेट ट्रेनिंग और लंबे शूटिंग शेड्यूल की जरूरत थी. ऐसे में उन्होंने आर.डी. बर्मन की बायोपिक को प्रायोरिटी देते हुए ‘ललकार’ से बाहर होने का फैसला किया है.
बतौर प्रोड्यूसर जुड़े रहेंगे फरहान
हालांकि, फरहान का फिल्म से नाता पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. वो एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी के साथ इस फिल्म को प्रोड्यूस करते रहेंगे. फिल्म को राजकुमार हिरानी फिल्म्स भी को-प्रोड्यूस कर रहा है. दूसरी ओर, फरहान अख्तर के हटने से ‘ललकार’ की प्रोडक्शन टाइमलाइन पर असर नहीं पड़ा है, क्योंकि मेकर्स ने उनकी जगह सिद्धांत गुप्ता को फाइनल कर लिया है. सिद्धांत गुप्ता ‘इनसाइड एज’, ‘जुबली’, ‘ब्लैक वारंट’ और ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ जैसे शो में अपनी परफॉर्मेंस के लिए जाने जाते हैं और फिल्म में आमिर खान के दोस्तों में से एक का रोल निभाएंगे.
क्या है ललकार की कहानी?
आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर की ‘ललकार‘ 1952 की ऐतिहासिक भारत-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज पर आधारित एक स्पोर्ट्स कहानी बताई जा रही है. इसे पीयूष गुप्ता (‘दंगल’, ‘छिछोरे’) और नीरज सिंह (‘नील बट्टे सन्नाटा’) ने लिखा है. इस फिल्म में आमिर क्रिकेट के दिग्गज लाला अमरनाथ का रोल निभाएंगे, जो आजाद भारत के पहले क्रिकेट कप्तान थे और जिन्होंने बंटवारे के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हुई पहली टेस्ट सीरीज के दौरान भारतीय टीम की कप्तानी की थी. मुंबई में 1 अक्टूबर से शूटिंग शुरू होने वाली है.
