ऊपर उड़ा और… चांद पर चुपचाप खड़े विक्रम ने किया ऐसा करिश्मा कि झूम गए ISRO साइंटिस्ट

Technology

(www.arya-tv.com) चांद पर ‘अंगद’ की तरह पांव जमाए अपने लैंडर विक्रम ने एक और करिश्मा कर दिखाया है। जी हां, किसी हेलिकॉप्टर की तरह उसने चांद पर उड़ते हुए एक बार फिर सॉफ्ट लैंडिंग की है। इसरो ने आज वीडियो शेयर किया जिसमें विक्रम चांद की सतह से उड़ता और कुछ दूरी पर जाकर फिर से लैंड करता दिखाई देता है। चंद्रयान-3 मिशन पर ताजा अपडेट देते हुए इसरो ने बताया है कि विक्रम लैंडर ने अपने मिशन उद्देश्यों को पूरा कर लिया।यह एक प्रयोग था।

इसरो ने कमांड दिया और विक्रम के इंजन चालू हो गए। उम्मीद के मुताबिक विक्रम करीब 40 सेमी ऊपर उठा और 30 से 40 सेमी की दूरी पर जाकर सुरक्षित रूप से उतरा। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस एक्सपेरिमेंट के आधार पर इसरो अब आगे के मिशनों में चांद से धरती पर वापस यान को ला सकेगा। फिलहाल यह टेस्ट सफल रहा और इससे वैज्ञानिक काफी खुश हैं।

इसरो ने ‘एक्स’ पर बताया कि इस प्रयोग का महत्व क्या है। यह भविष्य में चांद से नमूना इकट्ठा कर भारत लाने और मानव मिशन के लिहाज से महत्वपूर्ण है और वैज्ञानिक समुदाय इससे उत्साहित है। 3 सितंबर 2023 को चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के ‘विक्रम’ लैंडर की एक बार फिर सॉफ्ट लैंडिंग कराई गई। ‘विक्रम’ लैंडर अपने मिशन के उद्देश्यों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ा।

यह एक प्रयोग से सफलतापूर्वक गुजरा। विक्रम की प्रणालियां ठीक तरह से काम कर रही हैं और वे ठीक हालत में हैं। लैंडर के रैंप और उपकरणों को बंद किया गया और प्रयोग के बाद फिर से सफलतापूर्वक तैनात किया गया। इस प्रक्रिया से भविष्य में ‘सैंपल’ वापसी और चंद्रमा पर मानव मिशन को लेकर आशाएं बढ़ी हैं।