यूपी BJP की बड़ी बैठक आज: SIR में कटे वोटों को जोड़ने के लिए बनेगी रणनीति, CM योगी-पंकज चौधरी समेत जुटेंगे बड़े नेता

# ## UP

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज लखनऊ में प्रदेश भाजपा की अहम बैठक होने जा रही है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सुबह 10 बजे प्रस्तावित इस बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी शामिल होंगे।

बैठक का मुख्य एजेंडा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से हटे नामों को दोबारा जुड़वाने की रणनीति तैयार करना है। इसके साथ ही 17 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष अभियान और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। पार्टी की ओर से जिला स्तर के पदाधिकारियों को विधानसभा क्षेत्र से लेकर बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां देने की तैयारी है।

SIR में करोड़ों नाम कटने का दावा, 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं पर योगी ने जताई चिंता

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चिंता जता चुके हैं। उन्होंने दावा किया है कि प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, जबकि उनके नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज हैं। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में चुनाव आयोग को ज्ञापन देने की बात भी कही है।

भाजपा की चिंता उन मतदाताओं को लेकर है, जिनके नाम अलग-अलग कारणों से मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं। पार्टी की योजना है कि पात्र मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सूची में नाम जुड़वाने में मदद की जाए।

17 नवंबर से शुरू होगा मतदाता सूची से जुड़ा विशेष अभियान

निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करने की तारीख 12 नवंबर से बढ़ाकर 17 नवंबर कर दी है। इसके बाद मतदाता अपने नाम जुड़वाने, हटाने या संशोधन के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे।

भाजपा की बैठक में इस अभियान को लेकर संगठन की भूमिका और बूथ स्तर पर काम करने की रणनीति पर चर्चा होगी। जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों को विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी देने के साथ डोर-टू-डोर सत्यापन की योजना तैयार की जाएगी।

यूपी बीजेपी की बैठक के एजेंडे में ये मुद्दे शामिल
  1. मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाना।

  2. 17 नवंबर से शुरू होने वाले अभियान की तैयारी।

  3. डोर-टू-डोर मतदाता सत्यापन का ब्लूप्रिंट।

  4. विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा।

  5. जिला और बूथ स्तर पर संगठन की जिम्मेदारियां तय करना।

बीजेपी ने शुरू किया डोर-टू-डोर अभियान

प्रदेश स्तर पर बैठक के साथ भाजपा संगठन बूथ स्तर पर भी सक्रिय है। पार्टी ने विधानसभा क्षेत्रों में टीमों के गठन और मतदाताओं से संपर्क का अभियान शुरू किया है। बूथ प्रभारियों, स्थानीय पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों को मतदाता सूची में नामों की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है।

लखनऊ के कैंट और सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और पार्षदों के मतदाता सूची की जांच में जुटने की बात सामने आई है। इस दौरान पंचायत और नगर निकाय चुनावों की मतदाता सूचियों से भी नामों का मिलान किया जा रहा है। जिन पात्र लोगों के नाम सूची में नहीं मिल रहे हैं, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया में मदद दी जा रही है।

पार्टी स्तर पर इस अभियान को पांच दिनों में तेज गति से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अंतिम फैसला निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही होगा।