टीबी के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी, 10 साल में मौतों में 38% की कमी; इलाज की सफलता दर 94 फीसदी

# ## Health /Sanitation National

नई दिल्लीः भारत ने टीबी यानी तपेदिक के खिलाफ लड़ाई में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की वैश्विक तपेदिक रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, देश में वर्ष 2015 के मुकाबले 2025 में टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं, वैश्विक स्तर पर इस अवधि में टीबी से मौतों में 35 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके अलावा दवा से ठीक होने वाले टीबी मरीजों में उपचार की सफलता दर 94 प्रतिशत रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि ये आंकड़े टीबी उन्मूलन की दिशा में भारत की निरंतर प्रगति को दर्शाते हैं। बीमारी की समय पर पहचान, त्वरित जांच, इलाज की शुरुआत, तकनीकी नवाचार और मरीजों की जरूरत के मुताबिक देखभाल से इस दिशा में बेहतर परिणाम सामने आए हैं।

प्रति लाख आबादी पर मौत की दर 28 से घटकर 18 हुई

रिपोर्ट के अनुसार, भारत में वर्ष 2015 में प्रति एक लाख आबादी पर टीबी से मौत की अनुमानित दर 28 थी। वर्ष 2025 में यह घटकर 18 रह गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि टीबी से होने वाली मौतों में कमी बीमारी के कारण होने वाली मृत्यु दर को घटाने में देश के बेहतर प्रदर्शन को दिखाती है।

डब्ल्यूएचओ ने मौतों का अधिक सटीक अनुमान तैयार करने के लिए कई स्रोतों से मिले आंकड़ों का इस्तेमाल किया है। इनमें भारत के महापंजीयक (आरजीआई) की नमूना पंजीकरण प्रणाली (एसआरएस), समुदाय आधारित मौखिक शव परीक्षण आकलन और नि-क्षय पोर्टल के कार्यक्रम संबंधी आंकड़े शामिल हैं।

एआई से जांच और मरीजों की पहचान को मिली गति

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत मरीजों की सक्रिय पहचान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित एक्स-रे, त्वरित जांच और समय पर उपचार शुरू करने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही मरीजों की जरूरत के अनुसार देखभाल और पोषण संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

इसमें ‘नि-क्षय पोषण योजना’ और ‘नि-क्षय मित्र’ पहल की अहम भूमिका बताई गई है। इसके अलावा ‘खुशी-एआई चैटबॉट’ और ‘अवतार वीडियोबॉट’ जैसे एआई उपकरणों का इस्तेमाल भी टीबी से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने में किया जा रहा है।

इलाज की सफलता दर 94 प्रतिशत

रिपोर्ट में दवा से ठीक होने वाले टीबी मरीजों के उपचार की सफलता दर 94 प्रतिशत बताई गई है। मंत्रालय के अनुसार, यह आंकड़ा मरीज-केंद्रित देखभाल, बेहतर उपचार व्यवस्था और टीबी से प्रभावित लोगों को मिल रहे निरंतर सहयोग की प्रभावशीलता को दर्शाता है।

टीबी के खिलाफ अभियान बना जन आंदोलन

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में टीबी के खिलाफ देश की लड़ाई अब राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। इसमें सरकारी संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों, समुदायों और आम नागरिकों की भागीदारी है। ‘जन भागीदारी’ पर जोर देने से टीबी मुक्त भारत अभियान को गति मिली है।

इसके तहत सामुदायिक स्तर पर जांच, एआई आधारित छाती के एक्स-रे, त्वरित आणविक जांच, टीबी से बचाव के लिए उपचार और पोषण सहायता को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं को उन लोगों तक पहुंचाना है, जिन्हें इनकी सबसे ज्यादा जरूरत है।

टीबी कार्यक्रम के 96 प्रतिशत कोष का इंतजाम घरेलू संसाधनों से

मंत्रालय के बयान के अनुसार, भारत में टीबी कार्यक्रम के लिए जरूरी कोष का 96 प्रतिशत हिस्सा घरेलू संसाधनों से जुटाया गया है। इसे टीबी उन्मूलन के लिए देश के निरंतर निवेश, राजनीतिक इच्छाशक्ति और सरकार तथा समाज के साझा प्रयासों का संकेत बताया गया है।