लखनऊ। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की 90 वर्षों की यात्रा और लखनऊ में 72 वर्षों की सेवाओं के उपलक्ष्य में निर्मित दिव्य संस्कृति भवन एवं गुलजार उपवन (राजयोग प्रशिक्षण केंद्र) का भव्य उद्घाटन रक्षामंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने आध्यात्मिकता, नैतिकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
- आध्यात्मिकता से मजबूत होगी समाज की नींव
राजनाथ सिंह ने कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को आत्मचिंतन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवन की प्रेरणा देती है। देश केवल कानूनों से नहीं, बल्कि अच्छे चरित्र, संस्कार और सामाजिक सद्भाव से आगे बढ़ता है।
- राजनीति में नैतिकता जरूरी
उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण होना चाहिए। अधिकार से पहले उत्तरदायित्व और व्यक्तिगत लाभ से पहले जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।
- युवाओं से चरित्र निर्माण का आह्वान
रक्षामंत्री ने युवाओं से तकनीक के साथ विवेक, ज्ञान के साथ संस्कार और सफलता के साथ राष्ट्रसेवा का भाव अपनाने की अपील की। समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, आनंद द्विवेदी, रामचंद्र सिंह प्रधान, मुकेश शर्मा, पवन सिंह चौहान, ओपी श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला, अमरेश कुमार और अपर्णा बिष्ट यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
