भाजपा की राज्य सरकार के दो मंत्री लखनऊ कैंट सीट के लिए आमने-सामने

# ## UP

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा खेमे के लिए हॉट केक बनी लखनऊ कैंट सीट की कहानी में अब नए मोड़ आ गए हैं। अब तक यह माना जा रहा था कि मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव इस सीट से उतरने की शर्त पर भाजपा का दामन थामने वाली हैं। अब अपर्णा ने सीट पर अपना दावा छोड़ दिया है। साफ है कि अब वह भाजपा भी नहीं जॉइन कर रही हैं।

हालांकि, उनके हटने के बावजूद यह सीट रीता बहुगुणा जोशी को भी नहीं मिल रही। जोशी अपने बेटे के लिए इस सीट से टिकट मांग रहीं थीं। अब भाजपा की राज्य सरकार के दो मंत्री इस सीट के लिए आमने-सामने हैं। दरअसल, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह दोनों अभी विधान परिषद सदस्य हैं। पार्टी बड़े चेहरों को विधानसभा चुनाव में उतारना चाहती है। ऐसे में ये दोनों मंत्री अब सेफ सीट की तलाश में लखनऊ कैंट पर अड़े हैं।

शिवपाल ने भी परिवार की पार्टी में बने रहने की सलाह दी

यादव कुनबे की परिवार की लड़ाई घर से बाहर ना निकले, इसके लिए तमाम जतन किए जा रहे हैं। मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को घर की पार्टी से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है। कभी परिवार में शिवपाल यादव के साथ खड़ी रहने वाली अपर्णा को शिवपाल ने भी परिवार की पार्टी में बने रहने की सलाह दी है।

खुद अपर्णा समाजवादी पार्टी के सिंबल पर कैंट विधानसभा का चुनाव नही लड़ना चाहती है। दूसरी तरफ भाजपा भी अपर्णा को लखनऊ कैंट विधानसभा सीट का वादा नही कर रही है। लिहाजा फिलहाल अपर्णा का भाजपा में शामिल होने का प्लान कैंसल है।

 मयंक जोशी को मिल सकता है प्रयागराज से टिकट
सूत्रों को मानें तो पार्टी फिलहाल रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी को इलाहाबाद उत्तर विधानसभा से चुनाव लड़ा सकती है। फिलहाल इस सीट से हर्ष वर्धन बाजपेयी विधायक हैं। 2017 में भारतीय जनता पार्टी से हर्ष वर्धन ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अनुग्रह नारायण सिंह को 35025 वोटों के मार्जिन से हराया था। हालांकि, रीता बहुगुणा जोशी इसके लिए तैयार होंगी या नही यह अभी साफ नही है।

केशव मौर्या के लिए चुनावी सीट तय
भाजपा ने तय किया है कि सरकार के बड़े चेहरे जो विधान परिषद के सदस्य हैं, उन्हें चुनावी समर में उतारा जाएगा। तभी सीएम योगी आदित्यानाथ और उप-मुख्मंत्री केशव मौर्या के लिए चुनावी सीट तय कर दी गई है। डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा भी विधान परिषद के सदस्य है। अब अगर पार्टी उन्हें भी चुनाव लड़ाती है, तो इनकी पहली दावेदारी लखनऊ की कैंट सीट है। कहा जाता है कि लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट, भाजपा के प्रत्याशी के लिए जीत की गांरटी है।

महेंद्र सिंह भी तैयारी कर रहें

 भाजपा के इस हॉट सीट के लिए सरकार के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह भी तैयारी कर रहें है। विधान परिषद के सदस्य महेंद्र सिंह भी अगर चुनाव लड़ते हैं तो कैंट सीट सबसे मुफीद है। कैंट से नॉमिनेटेड कॉर्पोरेटर रहे महेंद्र सिंह के लिए यह सबसे सेफ रास्ता हो सकता है। ऐसे में सरकार के उप-मुख्यमंत्री और जल शक्ति मंत्री दोनों आमने-सामने हो सकते हैं।