अखिलेश यादव के पास गुंडे-तमंचे, हमारे पास जनता का सुरक्षा कवच, जानिए किसने कही ये बात

Bareilly Zone

बरेली (www.arya-tv.com) उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को उनके दावे-वादे पर घेरा। रविवार को उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष सरकार आने पर तीन सौ यूनिट फ्री बिजली देने की बात करते हैं। जब उनकी सरकार थी तब आपूर्ति ही नहीं होती थी। बिजली के तार कपड़े सुखाने के काम आते थे। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद भरपूर आपूर्ति शुरू की गई। अखिलेश यादव के पास गुंडे और तमंचे हैं। हमारे पास जनता का सुरक्षा कवच है।

प्रदेश में भाजपा ने पिछली बार तीन सौ से अधिक सीटों पर विजय पाई थी। इस बार भी तीन सौ से अधिक सीटें मिलेगी और भाजपा की ही प्रदेश में सरकार बनेगी। विपक्ष अगर अपनी 47 सीटें भी बचा ले तो बड़ी बात है। जनता ने समाजवादी पार्टी की साइकिल को पंचर कर दिया है। वह जातिवाद से ऊपर उठकर विकास की ओर चल पड़ी है।

सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अखिलेश मुंगेरी लाल के हसीन सपने छोड़ दें। वह गुंडों, माफियाओं के दम पर आना चाहते हैं, लेकिन जनता ऐसा नहीं होने देगी। केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी की डबल इंजन की सरकार ने विकास को शिखर की ओर पहुंचाया है। इस कारण प्रदेश में सिर्फ भाजपा की लहर है। भाजपा की जनहितकारी योजनाएं भी गिनाईं। बोले, भाजपा अगड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित वर्ग की त्रिवेणी है और इस त्रिवेणी में सब समाहित है।

अखिलेश यादव के मुफ्त बिजली के बयान पर बोले, उनकी सरकार में बिजली के तार कपड़े सुखाने के काम आते थे। आज लोगों को भरपूर बिजली मिल रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त व दुरुस्त है। अखिलेश के सपने चकनाचूर हो गए हैं, इसलिए वह बौखलाए, घबराए हैं। लोगों को भ्रमित करने वाले ट्वीट कर रहे हैं। महात्मा गांधी को हिंदुवादी द्वारा गोली मारने के राहुल गांधी के बयान पर बोले, राहुल और कांग्रेस सब एक है। कांग्रेस के पास फोटो खिंचाने के अलावा कोई काम नहीं। बोले, भाजपा के पास राष्ट्रीय, प्रदेश स्तर के बड़े नेता है। अन्य दलों के पास नहीं।

मुलायम यादव की बहू अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर बोले, हमारी पार्टी के कार्यों, नेतृत्व, विचारधारा को जो अच्छा मानता है वह जुड़ता है। फिर यह उनकी जिम्मेदारी है कि वह अपने परिवार को संभाल कर रखे। बोले, प्रदेश में तेजी से तीर्थस्थलों का विकास कर रहे हैं, अखिलेश में दम है तो रोक ले। बोले, चुनाव में सांप नाथ, नाग नाथ और नेवला नाथ एक हो गए हैं। विपक्ष ने कोरोना काल में कुछ नहीं किया। विदेश में रहे और अब चुनाव में बरसाती लोग सामने आ गए हैं। उन्हें जनता की सेवा से कोई मतलब नहीं है।

अगले मुख्यमंत्री कौन होंगे, इस सवाल पर बोले यह तो पार्टी तय करेगी। हम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले भी एक थे और आगे भी रहेंगे। विपक्ष मुद्दों से विहीन है, इसलिए कुछ भी बोल देता है। बोले, भाजपा ने मुझे उप मुख्यमंत्री बनाया। अखिलेश से पूछे कि क्या किसी पिछड़े को उप मुख्यमंत्री बनाया। बाबू कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने क्यों नहीं आए। पत्रकारों की हत्या, पिटाई जैसे मुद्दों पर क्यों नहीं बोलते हैं। विपक्षियों का काम है कि जाति, बिरादरी व धर्म के नाम पर सत्ता हासिल करों। सत्ता प्राप्त कर लूटो, खसोटो और जनता को दुर्दशा पर छोड़ दो।