संसद के गलियारे में वरुण और डिंपल यादव की मुलाकात:2024 में अखिलेश को मिल सकता है वरुण का साथ

# ## National

(www.arya-tv.com) संसद भवन के गलियारे की एक तस्वीर आज बहुत चर्चा का विषय बनी हुई है…उस तस्वीर के बहुत से सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक जानकार इसके नए समीकरण भी देख रहे हैं। ये तस्वीर है पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी और मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव की मुलाकात की।

दोनों मानसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए संसद भवन पहुंचे हुए हैं। बृहस्पतिवार को दोनों के बीच कुछ मिनट बातचीत भी हुई। डिंपल यादव एक दिन पहले ही सपा की लखनऊ में हुई एक प्रमुख बैठक में शामिल होने के बाद दिल्ली पहुंची हैं।

वरुण और डिंपल की इस मुलाकात को सपा से बढ़ती नजदीकी से जोड़कर देखा जा रहा है। अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले सांसद वरुण गांधी पहले भी सपा मुखिया अखिलेश यादव की तारीफ कर चुके हैं।

माना यह भी जा रहा है कि अखिलेश यादव वरुण को सपा में शामिल कर बीजेपी को जवाब देने की कोशिश कर सकते हैं। क्योंकि हाल ही में सपा के कई साथी अखिलेश का साथ छोड़कर बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। वरुण खुद भी अपनी ही पार्टी के खिलाफ मुखर हैं। सियासी गलियारों में उनकी टिकट कटने की चर्चाएं भी होती रहती हैं।

डिंपल यादव की भूमिका भी पार्टी में बढ़ रही
अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव खुद भी पार्टी के लिए मिशन-24 के लिए जुट गई हैं। एक दिन पहले ही यानी मंगलवार को ही उन्होंनें पार्टी की एक प्रमुख बैठक में हिस्सा लिया। सामान्यत: पार्टी की मीटिंग से बाहर रहने वालीं मुलायम परिवार की बहू डिंपल प्रवक्ताओं की इस बैठक में पार्टिसिपेट करती नजर आईं।

उन्होंने सपा की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह के साथ बात की। मौजूदा सियासी मुद्दों पर मंथन किया। इस दौरान उन्होंने अपने विचार भी रखे। पार्टी की महिला विंग को मजबूत करने की बात कही। भाजपा की महिलाओं की जो स्ट्रेटजी है उसी के आधार पर सपा की भी महिलाओं के प्रति रणनीति बनाने की बात कही।