महापौर, पार्षदों का कार्यकाल आज खत्म:18 साल बाद डीएम के हाथ में होगी कमान

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) आज शहर की सरकार का कार्यकाल खत्म हो रहा है। शाम 5 बजे महापौर प्रमिला पांडेय और सभी 110 पार्षदों को कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। 18 साल बाद ये मौका आया है जब नगर निगम की कमान डीएम के हाथ में होगी। कार्यकाल खत्म होने के मौके पर आज महापौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन भी किया है।

हालांकि इस बार शासनादेश के मुताबिक प्रशासक पद नहीं रखा गया है, मगर त्रिसदस्यीय कमेटी के अध्यक्ष जिलाधिकारी होंगे। एक तरह से वह बतौर प्रशासक ही कार्य करेंगे।

2005 के बाद आया मौका

अब कमेटी को कोई भी नई और बड़ी पॉलिसी लेने का अधिकार नहीं होगा। यह प्रक्रिया नगर निकाय चुनाव तक जारी रहेगी। ये पहली बार होगा जब महापौर का कार्यकाल खत्म होने के बाद कोई प्रशासक नहीं होगा। वर्ष 2005 में नगर निगम में प्रशासक पद पर नगर आयुक्त की तैनाती हुई थी।

पहली बार DM के हाथ में कमान
18 साल बाद ये मौका आया है जब महापौर का कार्यकाल खत्म हो गया है और चुनाव नहीं हुए हैं। 30 नवंबर 2005 से 23 दिसंबर 2005 तक प्रशासक का कार्यकाल रहा था। ये पहला मौका होगा जब डीएम के हाथ में नगर निगम की कमान होगी।

संयुक्त हस्ताक्षर से होंगे रकम निकासी
23 जनवरी 2017 को ही नगर निगम का पहला सदन हुआ था। इसलिए महापौर का कार्यकाल 23 जनवरी तक ही है। फिलहाल शासन से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में डीएम की अध्यक्षता में त्रिस्तरीय कमेटी में प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय और अधिशासी अधिकारी के हस्ताक्षर से वित्तीय कार्य होंगे।

जहां नगर निगम हैं वहां प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय और नगर आयुक्त के संयुक्त हस्ताक्षर से विकास कार्यों पर रकम खर्च की जा सकेगी। अन्य मदों में खर्च होने वाला बजट भी संयुक्त हस्ताक्षर से ही होंगे।

चेक पर होंगे ADM सिटी के साइन
प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय एडीएम सिटी हैं, इसलिए चेक पर उनके और नगर आयुक्त के संयुक्त हस्ताक्षर होंगे। जारी किए गए शासनादेश में कहा गया है कि यह कमेटी दैनिक प्रशासनिक कार्यों के अलावा सिर्फ पहले से चले आ रहे कार्यों, विकास कार्यों की पर्यवेक्षण और क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगी।