गोरखपुर में लगातार बढ़ रही है ठंड, सीवियर कोल्ड डे हुआ घोषित

Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com) गोरखपुर में लगातार तीसरे दिन भी गलन चरम पर रही। अधिकतम तापमान औसत से नौ डिग्री सेल्सियस कम होने के कारण बुधवार को भी सीवियर कोल्ड डे घोषित किया गया। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने पूर्वानुमान जताया है कि अभी करीब सप्ताह भर तक यही स्थिति रहने वाली है। दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री से कम रह सकता है तो न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। आगामी 23 व 24 जनवरी को जिले में हल्की बारिश भी हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि गुरुवार को जिले में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। गुरुवार को दिन अधिकतम तापमान 16 डिग्री से नीचे रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 8.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हवा की अधिकतम गति 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। सुबह पुरुवा व सुबह 10 बजे के बाद पछुआ हवा चलने के आसार हैं। 70 से 96 प्रतिशत नमी रह सकती है।

बता दें बुधवार सुबह से ही ठंड अपने चरम पर रही। लोग ठंड से ठिठुरते देखे गए। धुंध के चलते दिन भर बदली जैसी स्थिति रही। दिन में कुछ समय के लिए सूर्य दिखा भी तो वह धुंध के चलते चांद जैसा नजर आया। दिन का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बर्फीली हवाएं 14 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से चलीं।

जनवरी माह का औसत अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस है और औसत न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस है। बुधवार का अधिकतम तापमान औसत से नौ डिग्री सेल्सियस कम होने के कारण उसे सीवियर कोल्ड डे घोषित किया गया। यह सीवियर कोल्ड डे का लगातार तीसरा दिन है। बता दें ठंड में तापमान औसत से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम होने पर उस दिन को सीवियर कोल्ड डे कहा जाता है।