लखनऊ नगर निगम का गृहकर बकायेदारों पर शिकंजा, जोन-8 में 7 भवनों पर कार्रवाई; जोन-4 में भी भवन सील

Lucknow Uncategorized

लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर लखनऊ नगर निगम ने गृहकर के बड़े बकायेदारों के विरुद्ध वसूली और सीलिंग अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को जोन-8 में सात भवनों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई की गई, जबकि मौके पर बकायेदारों से 2,27,299 रुपये गृहकर जमा कराए गए। वहीं, जोन-4 में गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 स्थित भवन संख्या 1/098 को 1,72,599 रुपये गृहकर बकाया होने पर सील कर दिया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य बकाया गृहकर की वसूली के साथ शहर के विकास कार्यों के लिए राजस्व जुटाना है।

  • जोन-8 में सात भवनों पर कार्रवाई, मौके पर जमा हुए 2.27 लाख रुपये

सहायक नगर आयुक्त/जोनल अधिकारी डॉ.आशीष सिंह के नेतृत्व में जोन-8 के राजा बिजली पासी द्वितीय वार्ड में श्री जी मार्बल, राम मिलन, लक्ष्मण दत्त पाण्डेय, विमला देवी, भुलन पीसीओ और देवी दत्त पाण्डेय के भवनों तथा हिंद नगर वार्ड में सुशील कुमार एवं सुनील कुमार के भवनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान श्री जी मार्बल के भवन को सील किया गया। विभिन्न भवन स्वामियों ने बकाया गृहकर का आंशिक एवं पूर्ण भुगतान किया, जबकि एक भवन स्वामी ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत पूरा बकाया जमा किया। इस प्रकार नगर निगम कोष में कुल 2,27,299 रुपये जमा कराए गए।

  • आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

जोन-8 में अभियान जोनल अधिकारी आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में कर अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह एवं कुलदीप अवस्थी, राजस्व निरीक्षक हर्षेन्द्र प्रताप सिंह और अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में चलाया गया। नगर निगम की टीम ने बकायेदार भवन स्वामियों से गृहकर जमा करने की अपील करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की।

  • जोन-4 में 1.72 लाख रुपये बकाया होने पर भवन सील

जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में जोन-4 की टीम ने गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 स्थित भवन संख्या 1/098 को सील किया। भवन पर 1,72,599 रुपये गृहकर बकाया था। कार्रवाई के दौरान टैक्स इंस्पेक्टर आकर्ष श्रीवास्तव सहित जोन की टीम मौजूद रही।

  • ओटीएस का लाभ उठाकर जमा करें गृहकर: विनय कुमार राय

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने भवन स्वामियों और नागरिकों से अपील की कि वे एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ उठाकर बकाया गृहकर जमा करें। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ब्याज में छूट दी जा रही है। साथ ही चेतावनी दी कि बकाया जमा नहीं करने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की एवं सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से समय रहते गृहकर जमा कर नगर निगम की कार्रवाई से बचने की अपील की गई है।