शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में यूपी एसटीएफ ने एक बार फिर बचा ली पुलिस महकमे की साख

# ## Lucknow National
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में यूपी एसटीएफ ने एक बार फिर अपनी पेशेवर दक्षता का लोहा मनवाते हुए पुलिस महकमे की साख बचा ली है। लगातार पुलिस को चकमा दे रही 50 हजार की इनामी शातिर आरोपी और मॉडल श्रद्धा दुबे को एसटीएफ ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस हाई-प्रोटेक्टेड और सनसनीखेज मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद एसटीएफ के मैदान में उतरते ही शिकंजा कस गया।
लखनऊ से नेपाल और फिर नेपाल से वापस आकर लखनऊ व आगरा समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में फरारी काट रही श्रद्धा दुबे इतनी बेखौफ थी कि उसने फरार रहने के दौरान मीडिया को इंटरव्यू भी दिए थे। शुरुआती दौर में स्थानीय पुलिस की सुस्ती और कथित संरक्षण को लेकर पुलिस महकमे की काफी किरकिरी और फजीहत हुई थी।
बता दें, इस सफल ऑपरेशन के बाद यूपी एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश ने  इस पूरी गिरफ्तारी का सनसनीखेज खुलासा किया और बताया कि कैसे शातिर अपराधी को ट्रैक किया गया। गिरफ्तार श्रद्धा दुबे को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है, जहां बुधवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी से हत्याकांड के पीछे छिपे अन्य बड़े चेहरों और वसूली गैंग के नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
पुलिस और एसटीएफ की लगातार दबिश के बावजूद श्रद्धा के ठाठ-बाठ और ‘जलवे’ में फरारी के दौरान भी कोई कमी नहीं आई। गिरफ्तारी के वक्त भी वह लाखों रुपये के ब्रांडेड नाइट सूट और करीब बीस हजार रुपये की महंगी स्लीपर पहने हुई थी। इसके अलावा, उसके पास से चार-चार iPhone बरामद होने की भी चर्चा है, जिससे उसके रसूख और शातिरपन का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बता दें, पुलिस और एसटीएफ की शुरुआती जांच में सामने आया है कि श्रद्धा दुबे अपनी बहन और गैंग की अन्य सदस्य रश्मि दुबे के साथ मिलकर पूरी ऐशो-आराम के साथ फरारी काट रही थी। उसकी यह फरारी किसी एक जगह नहीं, बल्कि एक राज्य से दूसरे राज्य तक खुली छूट की तरह चल रही थी। लखनऊ से भागने के बाद वह नेपाल पहुँची, फिर नेपाल से वापस लखनऊ लौटी। इसके बाद उसने रायबरेली, आगरा और झांसी के रास्ते महाराष्ट्र का रुख किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नागपुर से किसी अन्य सुरक्षित ठिकाने पर निकलने की फिराक में बैठी श्रद्धा को यूपी एसटीएफ ने ठीक उसी वक्त धर दबोचा जब वह भागने की तैयारी कर रही थी