मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे के चौथे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधियों के साथ जनसुनवाई भी हुई। मुख्यमंत्री ने सुबह मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महायोगी गुरु गोरखनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गौशाला पहुंचकर गौसेवा की और मंदिर परिसर में आए श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
बच्चे का कराया अन्नप्राशन संस्कार
मंदिर परिसर में इस दौरान एक आत्मीय दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक छोटे बच्चे को दुलारते हुए उसका अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। धार्मिक परंपराओं के बीच हुए इस आयोजन ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं
इसके बाद गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन का आयोजन किया गया। यहां प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने फरियादियों के पास जाकर उनकी बातें सुनीं और प्रार्थना पत्र स्वीकार किए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत लेकर आने वाले किसी भी पीड़ित को अनावश्यक परेशानी न हो और पात्र लोगों को जल्द राहत मिले।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, गौसेवा और जनता दर्शन के जरिए उनके दौरे में धार्मिक परंपरा और जनसुनवाई की गतिविधियां साथ-साथ नजर आईं।
