भाजपा की नई लिस्ट में होंगे बड़े फेरबदल:कई लोगों के पत्ते कटे

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) भाजपा की दूसरे और तीसरे चरण के लिए लिस्ट तैयार है। भाजपा हाईकमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं और युवा चेहरों पर बड़ा दांव खेला है।
राजधानी लखनऊ की तकरीबन सभी सीट फाइनल हो चुकी हैं। लखनऊ के तीन मंत्रियों में से दो को पार्टी दोबारा मौका दे सकती है। वहीं, लखनऊ की सरोजनी नगर की सीट पर घोषित होने वाली प्रत्याशी का नाम आपको चौंका भी सकता है। इससे पहले भाजपा 172 नामों की सूची जारी कर चुकी है।
सरोजनीनगर सीट से दयाशंकर सिंह को मिल सकता है मौका

लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा सीट पर मंत्री स्वाति सिंह और उनके पति दयाशंकर सिंह दोनों दावेदार हैं। पार्टी हाईकमान दयाशंकर सिंह पर सरोजनी नगर सीट के लिए भरोसा जता सकती है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर की पत्नी स्वाति सिंह इस सीट से विधायक हैं। योगी सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं। 2017 में मायावती पर अपमानजनक टिप्पणी करने की वजह से दयाशंकर को पार्टी से निकाला गया था। इसके बाद उनकी पत्नी को सरोजनीनगर से उम्मीदवार बनाया गया था।

 असीम अरुण को कन्नौज सदर से  उतार सकती है भाजपा

पूर्व IPS असीम अरुण चार दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। असीम अरुण ने 8 जनवरी को अचानक वीआरएस के लिए आवेदन करके राजनीति में जाने का फैसला किया था। प्रदेश सरकार ने उनका वीआरएस 15 जनवरी से स्वीकार कर लिया था। भाजपा कन्नौज सदर से उन्हें चुनाव में उतार सकती है।

यह सीट सपा का मजबूत गढ़ रही है। कन्नौज सदर सीट पर पिछले 20 वर्षों से सपा के प्रत्याशी ही जीतते आए हैं। तीन बार से अनिल दोहरे साइकिल सिंबल पर जीत रहे हैं। 2017 में मोदी मैजिक के दौरान भाजपा ने इस सीट को लेकर जबरदस्त घेराबंदी की थी। लेकिन सपा का किला ढहा नहीं पाई थी। इस बार पार्टी ने असीम अरुण पर दाव लगाया है। इसके पीछे संघ की भूमिका बताई जा रही है।​

​​​​लखनऊ कैंट सीट पर युवा अभिजात को मौका
लखनऊ की सबसे हॉट विधानसभा सीट बन चुकी कैंट से पार्टी सारे विवादों को विराम देकर युवा नेता अभिजात मिश्रा को मौका दे सकती है। वह भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री रहे हैं। साथ ही ब्राह्मण युवा चेहरा हैं। हालांकि, इस सीट पर पार्टी के कई बड़े नेताओं और मंत्रियों की नजर है। चर्चा अभिजात मिश्रा को बीकेटी से खड़ा करने की भी थी। लिस्ट सामने आने के बाद पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

पार्टी मंत्रियों का टिकट नहीं काटेगी

इस बार की लिस्ट में भी तमाम मंत्रियों और विधायकों को दोबारा मौका मिल रहा है। पार्टी ने अधिकांश सीटों पर मौजूदा विधायक और मंत्रियों को टिकट दिया है। लखनऊ मध्य से बृजेश पाठक का नाम भी चर्चाओं में था। पार्टी ने इस बार भी बृजेश पाठक को मौका दिया है। साथ ही पूर्वी लखनऊ सीट से मंत्री गोपाल टंडन को मौका दे रही है। कानपुर के महाराजपुर सीट से मंत्री सतीश महाना और पूर्व मंत्री अर्चना पांडेय को मौका दिया है।