उत्तर प्रदेश के हरदोई में सड़क के गड्ढे की वजह से एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार दोपहर कोतवाली देहात क्षेत्र की मदारा-पिहनिया रोड पर बाइक का अगला पहिया गड्ढे में जाने से शिक्षक आशीष श्रीवास्तव उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। एंबुलेंस के लिए 108 नंबर पर कॉल किया गया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद उन्हें स्कूली वैन से मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।
बीएलओ बैठक के बाद शिक्षक संकुल की मीटिंग में जा रहे थे आशीष
शहर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ चुंगी स्थित आईटीआई के सामने रहने वाले 40 वर्षीय आशीष श्रीवास्तव अहिरोरी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नीर में इंचार्ज अध्यापक थे। इसके अलावा वह बीएलओ और न्याय पंचायत नीर के एनपीआरसी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। उनके बड़े भाई आशुतोष श्रीवास्तव के मुताबिक, बुधवार को आशीष सदर तहसील में आयोजित बीएलओ बैठक में शामिल हुए थे। इसके तुरंत बाद उन्हें शिक्षक संकुल की बैठक में शामिल होने के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय पिहानियां जाना था। इसी सिलसिले में वह बाइक से निकले थे।
