(www.arya-tv.com) सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट जारी है। इसी गिरावट के चलते आज सोना 46 हजार के नीचे आ गया है। वायदा बाजार में आज सोना MCX पर दोपहर 1 बजे 31 रुपए कम होकर 45,955 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। वहीं सर्राफा बाजार की बात करें तो इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार आज सोना 125 रुपए सस्ता होकर 46,185 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।
कैरेट के हिसाब से सोने की कीमत
कैरेट | भाव (रुपए/10 ग्राम) |
24 | 46,185 |
23 | 46,000 |
22 | 42,305 |
18 | 34,639 |
60 हजार के नीचे आई चांदी
सर्राफा बाजार में आज चांदी 1,256 रुपए सस्ती होकर 59,875 रुपए प्रति किलोग्राम पर आई गई है। हालांकि MCX पर 1 बजे ये 8 रुपए की बढ़त के साथ 60 हजार रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही है।
सितंबर में सोना 1,100 और चांदी 3 हजार से ज्यादा सस्ती हुई
सर्राफा बाजार में इस महीने अब तक सोना 1,102 रुपए सस्ता हो चुका है। 1 सितंबर को ये 47,287 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था जो अब 46,185 रुपए पर आ गया है। वहीं चांदी की बात करें तो ये 1 सितंबर को 62,957 रुपए प्रति किलोग्राम पर थी जो अब 59,875 रुपए पर आ गई है। यानी सितंबर में अब तक चांदी 3,082 रुपए सस्ती हो चुकी है।
10 हजार रुपए ज्यादा नीचे आया सोना
अगस्त 2020 में सोने का भाव अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। अगस्त 2020 में ये 56,200 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। अभी सोना 46,185 रुपए पर आ गया है, यानी तब से अब तक सोना 10,015 रुपए सस्ता हो चुका है। चांदी की बात करें तो इसका ऑल टाइम हाई लेवल 79,980 रुपए प्रति किलो है। इस हिसाब से चांदी भी अपने ऑल टाइम हाई से 20,105 रुपए सस्ती हो गई है।
45 हजार तक आ सकता है सोना
IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता कहते हैं कि डॉलर के मजबूत होने से सोने के दाम कम हुए हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में सोना 45 हजार रुपए के करीब आ सकता है।
साल के आखिर तक फिर 50 हजार तक जा सकता है सोना
अनुज गुप्ता के अनुसार कच्चे तेल के दाम बढ़ने से आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की संभावना है। इससे महंगाई बढ़ सकती है। ऐसे में लंबी अवधि में सोने में बढ़त देखने को मिल सकती है। उनके अनुसार, साल के आखिर तक सोने के दाम 50 हजार रुपए पर पहुंच सकते हैं।