(www.arya-tv.com)कोरोना की रूसी वैक्सीन स्पुतनिक-V जल्द ही टीकाकरण के लिए बाजार में उपलब्ध होगी। भारत में इस वैक्सीन का क्लीनिकल ट्रायल कर रही डॉ रेड्डी लेबोरेट्रीज ने बुधवार इसकी जानकारी दी।
हैदराबाद स्थित इस फार्मा कंपनी ने कहा कि भारत में स्पुतनिक-V वैक्सीन के सीमित पायलट सॉफ्ट लॉन्च को अब बेंगलूरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, बद्दी, चेन्नई, विशाखापत्तनम, मिर्यालागुडा और कोल्हापुर जैसे अन्य शहरों में सफलतापूर्वक बढ़ाया गया है, आगे इसे और अधिक शहरों में शुरू किया जाएगा।
कंपनी के मुताबिक, कोविन प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन के लिए आम लोगों को इसके कॉमर्शियल लॉन्चिंग तक इंतजार करना होगा। कंपनी अभी हैदराबाद में इसका इस्तेमाल कर रही है। साथ ही दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भी यह आम लोगों के लिए उपलब्ध है।
बीते 15 दिन में 10 लाख से ज्यादा एक्टिव केस कम हुए
देश में कोरोना महामारी कंट्रोल हो रही है। बीते दिन में यहां 62,176 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 1 लाख 7 हजार 710 संक्रमित ठीक हुए और 2,539 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 48,090 की कमी हो गई। बीते 15 दिनों में एक्टिव केस में 10 लाख 30 हजार 587 की गिरावट दर्ज की गई है। 1 जून को देश में 18 लाख 90 हजार 949 संक्रमितों का इलाज चल रहा था। अब यह आंकड़ा 8 लाख 60 हजार 362 तक पहुंच गया है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 62,176
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.07 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,539
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.96 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.83 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.77 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 8.60 लाख
12 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 12 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।