बुलंदशहर में छेड़खानी से बचने के दौरान छात्रा की हादसे में मौत

National

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां गढ़ हाइवे स्थित चरौरा मुस्तफाबाद गांव के पास सोमवार सुबह अमेरिका में पढ़ने वाली छात्रा सुदीक्षा भाटी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह लॉकडाउन में अमेरिका से स्वदेश लौटी थी। आरोप है कि बाइक सवार कुछ युवक उसके साथ छेड़खानी कर रहे थे। हादसे में उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

मामा से मिलने ननिहाल जा रही थी सुदीक्षा
गौतमबुद्धनगर के थाना दादरी क्षेत्र के डेयरी स्केनर गांव निवासी सत्येंद्र भाटी का बेटा निगम भाटी सोमवार सुबह भतीजी सुदीक्षा के साथ बाइक से मामा के घर माधवगढ़ गांव जा रहा था। जब दोनों बुलंदशहर-गढ़ हाइवे स्थित चरौरा मुस्तफाबाद गांव के मोड़ के पास पहुंचे तो उनकी बाइक की एक बुलेट सवार से टक्कर हो गई। हादसे में 17 साल की सुदीक्षा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका चाचा निगम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बुलेट सवार मौके से भाग गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने निगम को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं, छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सुदीक्षा के घर वालों का आरोप है कि बुलेट सवार युवक बार-बार स्कूटी को ओवरटेक कर रहा था। फिर बुलेट सवार युवक ने आगे आकर ब्रेक मारा, जिसकी वजह से स्कूटी को ब्रेक मारने के चक्कर में सुदीक्षा और उसके चाचा सड़क पर गिर गए। हादसे में सुदीक्षा की मौत हो गई।

उच्च शिक्षा के लिए मिली थी स्कॉलरशिप
छात्रा सुदीक्षा अमेरिका के बॉब्सन कॉलेज में भारत सरकार के खर्च पर पढ़ रही थी। उसे एचसीएल की तरफ से पिछले साल 3.80 करोड़ रुपए की स्कॉलरशिप मिली थी। वह बिजनेस मैनेजमेंट का कोर्स कर रही थी। सुदीक्षा कोरोना संक्रमण के कारण जून माह में भारत आई थी। 20 अगस्त को ही उसे अमेरिका लौटना था। पुलिस ने अज्ञात बाइकर्स के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस का दावा कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।