पाकिस्तान में अल्पसंख्यक बेटियों पर अत्याचार! 10 महीने में 84 लड़कियों का अपहरण..

# ## International

पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों की लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अल्पसंख्यक अधिकार संगठन ‘वॉइस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी’ (VOPM) की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 के शुरुआती 10 महीनों में कम से कम 84 लड़कियों और महिलाओं का कथित तौर पर अपहरण किया गया। इसके बाद उन सभी का जबरन धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करा दी गई। संगठन ने इन घटनाओं को धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ गंभीर अत्याचार करार दिया है।

49 ईसाई और 35 हिंदू लड़कियां प्रभावित

जारी की गई रिपोर्ट में दर्ज 84 मामलों में 49 ईसाई और 35 हिंदू लड़कियां और महिलाएं शामिल हैं। इनमें 43 पीड़ित नाबालिग बताई गई हैं, जबकि छह लड़कियों की उम्र 14 साल से भी कम है। आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सबसे अधिक अपहरण और धर्मपरिवर्तन के मामले सामने आए हैं। रिपोर्ट में पंजाब प्रांत के 47 मामले दर्ज हैं। इनमें अकेले लाहौर में 18 घटनाएं हुईं हैं। सिंध प्रांत में 36 और बलूचिस्तान में एक मामला रिपोर्ट किया गया है।

पांच साल में दर्ज हुए 515 मामले

VOPM के अनुसार, वर्ष 2021 से 2025 के बीच पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की लड़कियों और महिलाओं के अपहरण तथा जबरन धर्म परिवर्तन के 515 मामले दर्ज किए गए। हालांकि, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को आशंका है कि वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है। इसकी वजह यह बताई गई है कि कई परिवार डर और असुरक्षा के चलते पुलिस तक शिकायत लेकर नहीं पहुंचते।

संगठन ने पाकिस्तानी अधिकारियों पर ऐसे अपराधों को रोकने और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा देने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट में पुलिस और अदालतों की धीमी कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए हैं। संगठन का कहना है कि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में देरी से पीड़ित परिवारों की मुश्किलें बढ़ती हैं और लड़कियों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कमजोर होती जाती है।

‘हर आंकड़े के पीछे एक बच्ची की जिंदगी है’

VOPM ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि इन आंकड़ों को महज संख्या के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए बल्की हर मामले के पीछे एक ऐसी बच्ची या महिला की कहानी है, जिसे कथित तौर पर घर से दूर किया गया है। उसकी इच्छा के खिलाफ जाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। उस मौसूम को शादी के लिए मजबूर किया गया। ऐसे हालात में परिवार अपनी बेटियों की तलाश में दर-बदर भटकते रहते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, कई परिवारों को शिकायत करने पर बदले की कार्रवाई का भी डर रहता है। उन्हें यहां तक का भरोसा भी नहीं होता कि सरकारी व्यवस्था उनकी बेटियों को कोई सुरक्षा दे पाएगी। संगठन का मानना है कि लोगों के बीच का यह डर लोगों के साथ हो रहे सही आधिकारिक आंकड़ों तक पहुंचने नहीं देता है। कई लोग तो डर की वजह से मामले भी दर्ज नहीं कराते हैं।

जबरन धर्म परिवर्तन और शादी रोकने के लिए कानून की मांग

संगठन ने कहा कि किसी लड़की का अपहरण कर उसका धर्म परिवर्तन करना। इसके बाद जबरन उसका निकाह करा दिए जाने के बाद लड़कियों का वापस उसके परिवार तक वापस पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। कार्रवाई में हर गुजरती देरी उसकी वापसी की संभावनाएं दूर कर देती हैं। VOPM ने जोर दिया कि नाबालिग बच्चों को विवाह या धर्म परिवर्तन के लिए स्वतंत्र और वास्तविक सहमति देने में सक्षम नहीं माना जा सकता।

संगठन ने पाकिस्तान सरकार से सभी मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बच्चों को जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह से बचाने के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग की है।

पाकिस्तान सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

VOPM ने सवाल उठाया कि यदि अल्पसंख्यक परिवार अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं, तो पाकिस्तान सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित देश होने का दावा कैसे कर सकता है। संगठन ने सरकार से पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे मामलों में ठोस कदम उठाने की अपील की है।

गौरतलब है कि पिछले साल अमेरिकी सांसद जिम रिश ने भी पाकिस्तान में हिंदू और ईसाई अल्पसंख्यकों के साथ कथित भेदभाव को लेकर चिंता जताई थी।