Syed Modi Badminton Championship: गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

# ## Game

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

महिला एकल में पिछले साल की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा सहित चार भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम आठ में जगह बनाई। अनमोल खरब और तस्नीम मीर ने भी उलटफेर भरी जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

दिन का सबसे बड़ा झटका मिश्रित युगल में शीर्ष वरीय ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो की हार के रूप में सामने आया। सातवीं वरीय ध्रुव रावत और मनीषा को भी हार का सामना करना पड़ा। पुरुष एकल में शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह भी उलटफेर का शिकार हो गए।

गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित 2,50,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी चैंपियनशिप में गुरुवार को मुख्य ड्रॉ के एकल मुकाबलों की भी शुरुआत हुई।

महिला एकल में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

महिला एकल में तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने अमेरिका की ईशिका जायसवाल को सीधे गेमों में 21-14, 21-18 से हराया। दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने इंडोनेशिया की एमए पुष्पिता सारी को तीन गेमों तक चले मुकाबले में 18-21, 21-18, 21-18 से शिकस्त दी। पहला गेम गंवाने के बाद तन्वी ने अगले दोनों गेम में बेहतर नियंत्रण और धैर्य के साथ खेलते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

अनमोल खरब ने पांचवीं वरीय हमवतन अस्मिता चालिहा को 21-16, 21-15 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। विश्व रैंकिंग में 30वें स्थान पर काबिज अस्मिता को अनमोल ने 35 मिनट में शिकस्त दी। वहीं तस्नीम मीर ने छठी वरीय स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिलमोर को 21-19, 21-5 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।

हालांकि इंडोनेशिया की एनकेडीए पृथ्वी ने आठवीं वरीय ईशारानी बरुआ को 21-9, 9-21, 21-17 से से हराकर उलटफेर किया। पहला गेम हारने के बाद दूसरे गेम में जीत से बराबरी करने के बाद ईशारानी अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं।

शीर्ष वरीय जापान की रिको गुंजी ने भारत की रक्षिता संतोष रामराज को 21-13, 21-19 से हराया, जबकि मलेशिया की वांग लिंग चिंग ने तान्या हेमनाथ को 16-21, 21-13, 21-17 से शिकस्त दी।