श्रावस्ती, : गिलौला थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिलौला पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गुरुवार रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसके बाद घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गिलौला में भर्ती कराया गया है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
सिसवारा-गिलौला बाईपास तिराहे पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक 23 नवंबर को गिलौला थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई थी, जिस पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस व एसओजी की टीमें लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थीं। गुरुवार रात सिसवारा-गिलौला बाईपास तिराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया, तो वह भागते हुए पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग करने लगा और जवाबी फायरिंग में गोली उसके दाहिने पैर में जा लगी।
भिनगा निवासी शाहिद अली के पास से अवैध तमंचा व चोरी की बाइक बरामद
गिरफ्तार किए गए घायल आरोपी की पहचान कोतवाली भिनगा क्षेत्र के ग्राम सिसवा निवासी शाहिद अली पुत्र हबीब अली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी की एक टीवीएस फीनिक्स बाइक बरामद की है, जो भिनगा कोतवाली में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित बताई गई है।
