प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में माघ मेला 2027 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और प्रमुख स्नान पर्वो पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। मेले की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों से 32 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया है।
पुलिस महानिदेशक मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, दूसरे जिलों से आने वाले पुलिसकर्मियों की तैनाती 14 जनवरी से 6 मार्च 2027 तक रहेगी। इसका उद्देश्य माघ मेले की अग्रिम तैयारियों को समय से पूरा करना और मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराना है।
विशेष ड्यूटी के लिए जारी सूची में कुल 32 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। इनमें 4 निरीक्षक, 8 उपनिरीक्षक, 14 मुख्य आरक्षी और 6 आरक्षी शामिल हैं। इन सभी को माघ मेले की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। पुलिसकर्मियों को चित्रकूट, बांदा, कानपुर नगर, अलीगढ़, मीरजापुर, महोबा, सुल्तानपुर, चंदौली, कौशांबी, फतेहपुर, हमीरपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, झांसी और लखनऊ समेत विभिन्न जिलों से भेजा जाएगा। इसके अलावा पीएसी की 15वीं वाहिनी आगरा के एक आरक्षी की भी ड्यूटी लगाई गई है।
