किदवईनगर में युवक ने सोमवार रात फंदे से लटक कर जान दे दी। बड़े भाई व मां ने उसे कई कॉल किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। संदेह होने पर भाई कमरे पर पहुंचा तो खिड़की से झांकने पर शव लटका देखकर सन्न रह गया। पड़ोसियों की मदद से पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची और शव नीचे उतारा। परिजनों के अनुसार युवक के आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। जांच-पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम भेजा गया।
फोन न उठने पर देर रात घर पहुंचा था बड़ा भाई
बारादेवी निवासी 22 वर्षीय अभिषेक राजपूत ड्राइवर था। परिवार में मां सुशीला, बड़ा भाई मनीष व छोटा प्रांशु है। पिता राजकुमार की कई साल पहले मौत हो चुकी है। बड़ा भाई भी ड्राइवर है। परिजनों ने बताया कि तीनों भाई दूसरे मकान में रहते हैं, जबकि मां जूही स्थित घर में रहती हैं। मनीष के अनुसार अभिषेक रविवार दोपहर गाड़ी चलाकर लौटा था। इसके बाद आराम करने कमरे पर गया। सोमवार दोपहर मनीष ने उसे कॉल किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। मां सुशीला ने कई कॉल किया, लेकिन उनका भी फोन रिसीब नहीं हुआ। सोमवार देर रात 11 बजे मनीष घर पहुंचा तो अभिषेक के कमरे का दरवाजा खटखटाया। कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, मोबाइल कब्जे में
खिड़की से झांककर देखा तो शव लटका पाया। तत्काल पुलिस को सूचना दी। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर घुसी और शव फंदे से उतारा। खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और अभिषेक का मोबाइल कब्जे में लिया है। परिजनों ने पूछताछ में बताया कि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। किदवईनगर थाना प्रभारी ने बताया कि युवक का शव फंदे से लटका मिला था। मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।
