शहर की सड़कों पर दौड़ रहे डग्गामार वाहन परिवहन निगम को प्रतिदिन राजस्व की 2.37 करोड़ रुपये की चपत लग रही है। महीने में ये आंकड़ा लगभग 70 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। राजस्व की इतनी बड़ी हानि होने के बावजूद परिवहन विभाग के अधिकारी हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने शहर में सर्वे कराया था, जिसमें अलग-अलग क्षेत्र में 2200 डग्गामार वाहनों संचालित मिले थे। इस रिपोर्ट के मुताबिक, कमता, अहिमामऊ, अवध चौराहा, दुबग्गा, मड़ियांव, झूलेलाल वाटिका और घंटाघर समेत कई स्थानों से डग्गामार वाहनों का संचालन किया जा रहा है। यहां से आसपास के जिलों और विभिन्न रूटों पर बसें और अन्य वाहन संचालित होते हैं। इन वाहनों के कारण रोडवेज की बसों को यात्री नहीं मिल पाते हैं, जिसका असर परिवहन निगम के राजस्व पर पड़ता है।
सड़कों पर बढ़ रहा जाम का दबाव
डग्गामार वाहनों का संचालन केवल रोडवेज के राजस्व को ही नुकसान नहीं पहुंचा रहा, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है। प्रमुख चौराहों और सड़क किनारे अनधिकृत तरीके से सवारियां बैठाने और उतारने के चलते यातायात बाधित होता है। कई स्थानों पर सड़क पर ही वाहनों के खड़े होने से जाम की स्थिति बन जाती है। इससे आम राहगीरों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है।
कहां किन क्षेत्रों से चल रहे अवैध डग्गामार वाहन-
1-पालिटेक्निक चौराहे से कमता तक-745
2-अहिमामऊ से-288
3-अवध चौराहे से-482
4-दुबग्गा से-245
5-मड़ियावं से-226
6-घंटाघर से-150
7-झूलेलाल वाटिका से-30
8-शहर के अन्य जगहो से-लगभग 30 से 40
अवैध वाहनों के संचालन से रोडवेज बसों की आय प्रभावित होती है साथ ही तेज रफ्तार से यात्रियों की जान जोखिम में बनी रहती है। अवैध गाड़ियों का संचालन पूरे राजधानी में संचालित है जिससे अव्यवस्था फैलती है।
-विमल राजन, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीएसआरटीसी, लखनऊ
राजधानी में चल रहे अवैध वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाता है। अधिकारियों की कमी के कारण लगातार अभियान चलाने में दिक्क्तों का सामना करना पड़ता है जिसे जल्द ही दूर किया जायेगा।
