पाकिस्तान में विदेशी महिलाओं से दरिंदगी का मामला, उप प्रधानमंत्री इशाक डार के पोते समेत आठ आरोपी

# ## International

लाहौर। पाकिस्तान में दो विदेशी महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म और अपहरण के मामले में उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार के पोते रजा डार समेत आठ आरोपियों के खिलाफ अदालत ने आरोप तय कर दिए हैं। लाहौर के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रफाकत अली गोंडाल ने मंगलवार को यह कार्रवाई की। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया है। अदालत ने अभियोजन पक्ष को नौ दिसंबर को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है, ताकि मुकदमे की औपचारिक सुनवाई शुरू हो सके।

पहले पुलिस ने रजा डार को दी थी क्लीन चिट

अदालत के एक अधिकारी के मुताबिक, सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और आरोप तय किए जाने की कार्यवाही के लिए उन्हें अदालत में पेश किया गया था। इस मामले में पहले पंजाब पुलिस ने इशाक डार के पोते रजा डार और उसके चार दोस्तों को दुष्कर्म के आरोपों से मुक्त कर दिया था। पुलिस ने इसके बजाय रजा डार के यहां काम करने वाले तीन कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों पर महिलाओं से दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस संबंध में अपनी रिपोर्ट अदालत में दाखिल की थी।

निवेश के बहाने महिलाओं को पाकिस्तान बुलाने का आरोप

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, नीदरलैंड और वेनेजुएला की दोनों महिलाओं की मुलाकात वर्ष 2025 में सिंगापुर में रजा डार से हुई थी। महिलाओं ने उसे क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में निवेश का प्रस्ताव दिया था। शुरुआती निवेश पर मुनाफा मिलने के बाद रजा डार ने पांच लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक की रकम निवेश की थी। आरोप है कि इस बार महिलाओं ने न तो उसे कोई मुनाफा दिया और न ही निवेश की रकम लौटाई। इसके बाद रजा डार ने किसी अन्य निवेशक से मुलाकात कराने का बहाना बनाकर दोनों महिलाओं को जून में पाकिस्तान बुलाया।

लाहौर के मकान में बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप

पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं इस्लामाबाद के एक होटल में ठहरी थीं और अपनी मर्जी से मुरी के पहाड़ी पर्यटन स्थल भी गई थीं। इसके बाद उन्हें लाहौर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके में स्थित एक मकान में ले जाया गया। आरोप है कि वहां उन्हें बंधक बनाकर निवेश की रकम लौटाने का दबाव बनाया गया और उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

पुलिस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि महिलाओं से जबरन 19,500 अमेरिकी डॉलर हस्तांतरित कराए गए। मकान में हथियारबंद लोग उन पर नजर रख रहे थे। आरोपियों ने चाकू, बंदूक और टूटे शीशे के टुकड़े से उन्हें धमकाया। मांग पूरी नहीं करने पर हत्या कर शव के अंग बेचने की धमकी भी दी गई।

वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ तो भाग निकलीं महिलाएं

पुलिस के अनुसार, आरोपी जब दोनों महिलाओं को लाहौर हवाई अड्डे ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसी दौरान दोनों महिलाएं वहां से भागने में सफल रहीं। चिकित्सकीय जांच में दोनों के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। बयान दर्ज कराने के बाद दोनों अपने-अपने देश लौट गई थीं।