बरेली में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को दिनभर बूंदाबांदी के बाद शाम को बारिश ने अचानक रफ्तार पकड़ ली, जो शनिवार सुबह तक जारी रही। बीते 24 घंटे में जिले में 126 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते तापमान में भी बड़ी गिरावट आई है और मौसम ने सर्दी का अहसास करा दिया है। शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, वहीं बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को दिनभर हल्की बारिश होती रही, लेकिन शाम होते-होते बारिश तेज हो गई। इससे दफ्तरों और अन्य कामकाजी स्थानों से घर लौट रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में पानी भरने से आवाजाही भी प्रभावित हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले तीन दिनों से बादलों के मंडराने के कारण तापमान लगातार गिर रहा है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 34.7 और न्यूनतम 20.1 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब नौ डिग्री गिरकर 25.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री रहा।
आज बारिश का रेड अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग की ओर से शनिवार को बरेली में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। रविवार को भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने दबाव का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। आगामी 12 घंटे तक इसके अपनी तीव्रता बनाए रखने के बाद निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने के आसार हैं। 27 सितंबर तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में और गिरावट आ सकती है।
धान समेत फसलों पर संकट
तेज हवा और बारिश से खेतों में खड़ी धान समेत कई फसलें जमीन पर गिर गई हैं। इससे किसानों को फसल खराब होने और उत्पादन प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है। बरेली के अलावा बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर और खीरी में भी तेज हवा से धान की फसल बिछने की सूचना है। किसान बारिश और तेज हवा से होने वाले संभावित नुकसान को लेकर चिंतित हैं।
फिर जलभराव की चपेट में शहर
लगातार बारिश ने बरेली में एक बार फिर जलभराव का संकट बढ़ा दिया है। सात सितंबर को हुई 381.1 मिलीमीटर रिकॉर्ड बारिश के बाद बने हालात अभी लोगों के जेहन से निकले भी नहीं थे कि एक बार फिर भारी बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। शहर के निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। स्टेडियम रोड स्थित रेजीडेंसी गार्डन, कर्मचारी नगर, डीडीपुरम, राजेंद्र नगर, संजय नगर और सिकलापुर समेत कई कॉलोनियों में जलभराव की आशंका से लोग परेशान हैं।
