ग्राम पंचायत रमवापुर तेलवारी में मुख्य मार्ग से बाबा ज्ञान प्रकाश कुटी तक विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह की निधि से ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराई जा रही आरसीसी सड़क के निर्माण में मानकों की अनदेखी और ठेकेदार की मनमानी के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मार्ग पर पहले से बनी आरसीसी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। अब उसी पर दोबारा आरसीसी सड़क बनाई जा रही है। आरोप है कि पुरानी सड़क के गड्ढों में गिट्टी के बजाय मिट्टी भरकर बॉक्सिंग की गई है। बॉक्सिंग में भी मानक के विपरीत सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण शुरू होते ही ठेकेदार ने लोकार्पण का बोर्ड भी लगा दिया, जबकि सड़क का काम अभी पूरा नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण में मानकों की अनदेखी हुई तो सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने अधिकारियों से मौके पर जांच कराकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें निर्माण कराने वाले ठेकेदार की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी की जा रही है।
ठेकेदार पर पहले भी उठे थे सवाल
रमवापुर तेलवारी में आरोपों से घिरे ठेकेदार पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। इसी ठेकेदार ने ग्राम पंचायत मड़ना में अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराया था। स्थलीय निरीक्षण के दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे।
आरोप है कि बाद में जिम्मेदारों से कथित सांठगांठ कर ठेकेदार ने भुगतान भी करा लिया। दोनों कार्यों की कार्यदायी संस्था आरईएस होने के कारण विभागीय निगरानी और ठेकेदार के बीच तालमेल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब रमवापुर तेलवारी की आरसीसी सड़क में सामने आई कथित अनियमितताओं ने पुराने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है।
