पटियाला: पंजाब के पटियाला से इस वक्त की बड़ी खबर है। यहां के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज पटियाला के सेकंड ईयर के मेडिकल स्टूडेंट कमल मित्तल की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय कमल मित्तल मांसा जिले के बरेटा के रहने वाले थे और पटियाला के न्यू लाल बाग इलाके में पीजी में रह रहे थे।
शव खून से सना हुआ मिला
बताया जा रहा है कि देर शाम जब दोस्तों और परिचितों को उससे संपर्क नहीं हो पाया, तो वे उसके कमरे तक पहुंचे। वहां कमल का शव खून से सना हुआ मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर ने गले पर कई वार किए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सबूत जुटाए हैं।
परिवार को सूचना दे दी गई है और पूरे इलाके में इस घटना के बाद डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
मौके पर भारी भीड़
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुटी हुई है और पुलिसबल तैनात है। घटना से इलाके में रोष भी है कि एक युवक जो आगे चलकर अपना सुनहरा भविष्य बनाता, उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। कातिल ने सिर्फ एक जान नहीं ली बल्कि एक परिवार के भविष्य की सारी उम्मीदों को खत्म कर दिया।
पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश में टीमों को लगाया गया है। ये हत्या क्यों हुई और किसने की, इसके बारे में अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिसकर्मी जांच में जुटे हुए हैं।
वहीं युवक की हत्या की खबर पाकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वह न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
