मुरादाबाद से गिरफ्तार सहारनपुर का रहने वाला आईएसआईएस का आतंकी हारिस अपने साथ बीडीएस की पढ़ाई करने वाले सहापाठियों का ब्रेनवॉश भी करता था। एटीएस को उसके लैपटॉप व मोबाइल में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। कई करीबी दोस्तों से एटीएस ने मंगलवार को पूछताछ किया। वहीं, हारिस के रिमांड की तैयारी पूरी हो गई है। एटीएस बुधवार को कोर्ट में अर्जी डालेगी।
एटीएस के मुताबिक हारिस ने मुरादाबाद के साथ सहारनपुर, संभल, अमरोहा, बरेली समेत एक दर्जन से अधिक जिलों के युवाओं को अपने अलग ग्रुप ”अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन” से जोड़ा था और उनको जिहादी गतिविधियां अंजाम देने के लिए उकसा रहा था। जांच में हारिस का दिल्ली बम धमाके अंजाम देने वाले डॉक्टर्स के माड्यूल से कोई संबंध नहीं पाया गया है।
हालांकि एटीएस को शक है कि आईएसआईएस भी जैश ए मोहम्मद की तरह डॉक्टर्स का माड्यूल तैयार कर रहा है। इसी वजह से इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हारिस किन आईएसआईएस हैंडलर्स के संपर्क में था और उनसे क्या निर्देश मिले थे। एटीएस उसके लैपटॉप और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच भी कराने की तैयारी में है। ताकि मिटाये गये मैसेज भी रिकवर किए जा सके। इसके अलावा उसके सभी सोशल मीडिया के ग्रुप को भी खंगाला जा रहा है। ताकि पूरे गिरोह को बेनकाब किया जा सके। एटीएस की टीम हारिस के कुछ साथियों पर नजर रखे हुए है। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां संभावित हैं।
