- चित्रगुप्त धाम में रंगारंग होली मिलन समारोह, प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं का सम्मान
लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित चित्रगुप्त धाम में चित्रगुप्त सभा द्वारा होली मिलन समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया, जिसमें सांस्कृतिक रंग और पारंपरिक उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान नृत्य और गायन की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक मंत्री प्रतीति ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में प्रस्तुत मंचीय कार्यक्रमों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। गायन प्रतियोगिता में अच्युत कृष्णा ने प्रथम और अनंत श्रीवास्तव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि नृत्य प्रतियोगिता में श्रीजा नारायण प्रथम और ईशाना श्रीवास्तव द्वितीय रहीं। इसी क्रम में एक अन्य वर्ग की गायन प्रतियोगिता में निशांत श्रीवास्तव प्रथम और बृजेश चंद्र सक्सेना द्वितीय स्थान पर रहे, वहीं नृत्य में रिद्धि गौड़ और सिद्धि गौड़ ने संयुक्त रूप से प्रथम तथा परिधि श्रीवास्तव ने द्वितीय स्थान हासिल किया। महिलाओं की प्रतियोगिताओं में भी उत्साह देखने को मिला, जिसमें गायन में मीरा खरे और नृत्य में प्रतीति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दिव्या रानी द्वितीय रहीं। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चित्रगुप्त सभा इंदिरा नगर के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार, महामंत्री शशिकांत श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना, उपाध्यक्ष कृष्ण मोहन दयाल और सांस्कृतिक मंत्री प्रतीति ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर समाज सेविका रितु खरे सहित समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह में फूलों की होली खेली गई और होली गीतों पर उपस्थित लोगों ने जमकर आनंद उठाया।
कार्यक्रम में डॉक्टर प्रणय कुमार, सर्वेश कुमार श्रीवास्तव, राजेश कुमार सक्सेना, मनोज कुमार श्रीवास्तव, बृजेश कुमार श्रीवास्तव, रामेंद्र देव शर्मा, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, डॉक्टर सपना अस्थाना, आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, राधा कांत खरे, देवेश श्रीवास्तव, सीमा सक्सेना, आदर्श श्रीवास्तव, मनोज कुमार खरे, महेश सिन्हा, अखिलेश कुमार श्रीवास्तव और डॉक्टर कविता श्रीवास्तव की विशेष उपस्थिति रही। निर्णायक मंडल में सीनू भटनागर, कीर्ति श्रीवास्तव और पूनम सिन्हा ने अपनी भूमिका निभाई, जबकि कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक मंत्री प्रतीति ने प्रभावी ढंग से किया। यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक समरसता और पारंपरिक मूल्यों को सहेजने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।
