- महिला सफाई कर्मचारियों को मिला ‘नारी सम्मान’, 30 सफाई मित्रों को किया गया सम्मानित
- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के तहत नगर निगम जोन-7 में कार्यक्रम, स्वास्थ्य गरिमा किट वितरित
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह (8 से 14 मार्च) के तहत नगर निगम लखनऊ के जोन-7 में शनिवार को महिला सफाई कर्मचारियों के सम्मान में नारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
- 30 महिला सफाई मित्रों को किया गया सम्मानित
स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में सफाई कार्य में उत्कृष्ट सेवा देने वाली 30 महिला सफाई मित्रों को सम्मानित कर उन्हें स्वास्थ्य गरिमा किट प्रदान की गई।
- स्वच्छता में महिलाओं की भूमिका सराही
कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम लखनऊ, उर्विश समाज सेवा संस्थान (एनजीओ) तथा लखनऊ स्वच्छता अभियान की टीम के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर महिला सफाई कर्मचारियों के योगदान को सराहते हुए अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में इनका महत्वपूर्ण योगदान है।
- RRR सेंटर के माध्यम से लोगों को किया गया जागरूक
इस दौरान नगर निगम द्वारा संचालित RRR सेंटर (Reduce, Recycle, Reuse) को भी सक्रिय करने की अपील की गई। लोगों से आग्रह किया गया कि वे अपनी अनुपयोगी वस्तुएं जैसे पुराने कपड़े, जूते, बैग, खिलौने और किताबें जरूरतमंद लोगों को दान करें, ताकि उनका पुनः उपयोग हो सके और पर्यावरण को भी सुरक्षित रखा जा सके।
- अधिकारी व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद और जोनल सैनिटरी अधिकारी अजीत राय, रूपेंद्र भास्कर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संचिता मिश्रा ने किया।
- एनजीओ और समाजसेवियों की रही सहभागिता
इस अवसर पर उर्विश समाज सेवा संस्थान से शशि मिश्रा, जूट फॉर लाइफ से अंजली सिंह, समाज सेविका तृप्ति भार्गव, फहमीना आरिफ, पिंकी सिंह, सोनाली पांडे, चिंतन फाउंडेशन से भव्या सिंह सहित LSA-IEC टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
