नगर निगम में 6 मार्च को लगेगा ‘संपूर्ण समाधान दिवस’, महापौर करेंगी अध्यक्षता

Lucknow
  • नगर निगम में 6 मार्च को लगेगा ‘संपूर्ण समाधान दिवस’, महापौर करेंगी अध्यक्षता

लखनऊ। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ द्वारा शुक्रवार 06 मार्च 2026 को ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम नगर निगम मुख्यालय, लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल करेंगी। इस दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई करेंगे और उनका यथासंभव त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।

संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य रूप से गृहकर, जलकर, कर निर्धारण (जीआईएस सर्वेक्षण के उपरांत आपत्तियाँ), सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, सड़क एवं गली मरम्मत, सीवर व ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण तथा जल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन के अनुसार गृहकर और जलकर से जुड़ी आपत्तियों की सुनवाई जोनवार की जाएगी, ताकि आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर मौके पर ही समाधान किया जा सके।

इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, सभी जोनल अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस नगर निगम और आमजन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याओं से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचकर इस मंच का अधिकतम लाभ उठाएं।

नगर निगम लखनऊ ने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि वे 06 मार्च 2026, शुक्रवार को आयोजित इस जनहितकारी कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित लखनऊ के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।