बंद मकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, चार शातिर गिरफ्तार

Lucknow
  • बंद मकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, चार शातिर गिरफ्तार

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की दक्षिण जोन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पीजीआई पुलिस एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, एयरगन (रायफल) तथा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

दक्षिण उपायुक्त निपुण अग्रवाल ने बताया कि एल्डिको उद्यान-II क्षेत्र स्थित एक बंद मकान में चोरी की घटना की सूचना मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिण के निर्देशन में गठित टीम ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जहां परिवार कई दिनों से बाहर होता था। पूरी जानकारी पुख्ता होने के बाद रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सोनू सिंह, सोनू कुमार साह उर्फ सोनू पहाड़ी, शक्तिमान सिंह और बृजेश निषाद शामिल हैं। सभी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 42,362 रुपये नकद, एयरगन, हाथ घड़ियां, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चेन, पायल, कंगन, झुमके व अन्य कीमती जेवरात बरामद किए हैं। घटना के सफल खुलासे पर पुलिस उपायुक्त दक्षिण द्वारा पुलिस टीम को 15 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।

लखनऊ पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।