उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल (ईवी) खरीदने के इच्छुक प्रदेशवासियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने धनतेरस पर बड़ा तोहफा दिया है। इसने पिछले सप्ताह से ईवी बाजार में छाई उदासी छांट दी। ईवी खरीद पर सब्सिडी (छूट) की अवधि दो वर्ष बढ़ने से ग्राहक एक बार फिर ईवी वाहन की तरफ आकर्षित हुए हैं। दरअसल, यूपी में ईवी खरीदने पर रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क शून्य पर छूट है। ये सब्सिडी 13 अक्टूबर वर्ष 2025 तक थी, जो इसी सप्ताह समाप्त हो गई। राज्य के ईवी बाजार पर इसका बड़ा प्रभाव देखने को मिला। डीलरों के मुताबिक, सब्सिडी खत्म होने से बिक्री में अप्रत्याशित रूप से लगभग 60 प्रतिशत की कमी देखी गई।
त्योहार से पहले इलेक्ट्रिक व्हीकल बाजार में छाई उदासी पर सरकार ने संज्ञान लिया। राज्य सरकार की हाईलेवल प्राधिकृत इलेक्ट्रिक व्हीकल कमेटी की मीटिंग हुई। यूपी उद्योग विकास विभाग के सेक्रेटरी विजय किरण आनंद ने राज्यपाल की अनुमति के बाद उत्तर प्रदेश गतिशीलता नीति-2022 का संशोधन जारी कर दिया। इसके अंतर्गत अब वर्ष 2027 तक सब्सिडी जारी रहेगी। इसने बाजार में ईवी बाजार में फिर से बहार लौटा है।
धनतेरस पर ईवी के खरीददार शोरूमों पर जुट रहे हैं। माना जा रहा है कि सब्सिडी बहाली से इलेक्ट्रिक व्हीकल के प्रति ग्राहकों का आकर्षण बरकरार रहेगा।