(www.arya-tv.com) बनारस के श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर अब अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि कॉरिडोर बनेगा। इसका ऐलान मंगलवार को कैबिनेट मीटिंग के बाद योगी सरकार ने किया। ये कॉरिडोर राम जन्मभूमि के मुख्य मार्ग से हनुमान गढ़ी तक बनेगा। पूरा मार्ग चौड़ा किया जाएगा। दुकानों को यहां से हटाया जाएगा।
कॉरिडोर बनने के बाद यहां विदेशों से भी टूरिस्ट आएंगे। सरकार इसको अर्थव्यवस्था और रोजगार से जोड़कर भी देख रही है। इसलिए प्राथमिकता पर इस प्रस्ताव को पास किया गया है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा। योगी कैबिनेट मीटिंग में कुल 13 बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगी है।
श्रीरामवल्लभाकुंज के प्रमुख बोले- विश्व मैप पर अयोध्या दिखेगा
योगी सरकार के फैसले का अयोध्या के संतों ने स्वागत किया है। श्रीरामवल्लभाकुंज के प्रमुख और सरयू महाआरती के संरक्षक राजकुमार दास कहते हैं, “यूपी के सीएम योगी और उनकी कैबिनेट को बधाई। कॉरिडोर से विश्व पर्यटन बढ़ेगा। विश्व मैप पर अयोध्या दिखेगा। भव्य मंदिर श्रीराम के लिए बन रहा है। वो सनातन धर्म की भव्यता का एक उदाहरण होगा।”
उन्होंने कहा कि वह अयोध्या के संतों की तरफ से कहना चाहते हैं कि उन्होंने सोचा भी नहीं था कि ऐसा होगा। मंदिर पर फैसले की उम्मीद छोड़ रहे थे, लेकिन अब देखिए। अब अयोध्या, काशी और मथुरा का विकास आदर्श तरीके से हो रहा है।
इन प्रस्तावों को भी जानिए
- वाराणसी नगर निगम की सीमा का विस्तार होगा।
- रामनगर नगरपालिका परिषद को इसमें मिलाया जाएगा।
- मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना को मंजूरी मिली है।
- इस योजना के अंतर्गत मास्टर प्लान बनाए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों की सलाह ली जाएगी।
- 7 नगर पालिका का विस्तार, 3 नगर पंचायतों का विस्तार, 1 नई नगर पंचायत प्रतापगढ़ के डेरवा बाजार के गठन का प्रस्ताव पास किया गया है।
कैबिनेट दुकानों और कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों के नियम में करेगी बदलाव
कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश दुकान और वाणिज्य अधिष्ठान (नवम संशोधन) नियमावली, 2022 को भी मंजूरी मिली है। इस नियमावली के लागू होने पर उत्तर प्रदेश दुकान और वाणिज्य अधिष्ठान अधिनियम, 1962 के तहत दुकानों और वाणिज्यिक अधिष्ठानों का एक बार पंजीकरण कराने के बाद हर 5 साल पर पंजीकरण का नवीनीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी।
श्रम कानूनों से जुड़ी 6 नियमावलियों में बदलाव हुआ
- उप्र ठेका श्रम (विनियमन) और उत्पादन नियमावली 1975
- उप्र अंतरराज्यीय प्रवासी कर्मकार (नियोजन का विनियमन और सेवाशर्तें) नियमावली, 1983
- उप्र बीड़ी और सिगार कर्मकार (नियोजन की शर्तें) नियमावली, 1969
- उप्र कारखाना नियमावली, 1950
- उप्र कारखाना (कल्याण अधिकारी) नियमावली, 1955
- उप्र कारखाना (सुरक्षा अधिकारी) नियमावली, 1984