वाशिंगटन। अमेरिका के वाशिंगटन राज्य के सात शहरों के मेयर का एक प्रतिनिधिमंडल भारत के साथ मजबूत संबंध और दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने के उद्देश्य से एक सप्ताह की भारत यात्रा पर है। इस यात्रा का मकसद भारत के साथ मजबूत रिश्ते विकसित करना, आपसी सहयोग के नए अवसर तलाशना और दीर्घकालिक साझेदारी को बढ़ावा देना है। यह प्रतिनिधिमंडल भारत के 3 प्रमुख शहरों नई दिल्ली, भुवनेश्वर और मुंबई का दौरा करेगा। बता दें कि वाशिंगटन की सीनेटर टीना ओरवॉल के नेतृत्व में 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली, भुवनेश्वर और मुंबई का दौरा करेगा। खास बात यह है कि वाशिंगटन राज्य के शहरों के मेयरों के प्रतिनिधिमंडल की यह अपनी तरह की पहली भारत यात्रा है।
भारत में 11 से 18 अक्टूबर तक रहेगा प्रतिनिधिमंडल
सिएटल स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा, ”अतुल्य भारत की सुखद यात्रा: वाशिंगटन राज्य के मेयर के पहले प्रतिनिधिमंडल का स्वागत।” दूतावास ने कहा, ”वाशिंगटन की सीनेटर टीना ओरवॉल के नेतृत्व में मेयर का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को सिएटल से भारत की अपनी पहली यात्रा पर रवाना हुआ। यह यात्रा 11 से 18 अक्टूबर तक होगी और इस दौरान प्रतिनिधिमंडल नयी दिल्ली, भुवनेश्वर और मुंबई जाएगा।”
कौन-कौन से शहरों के मेयर भारत आए हैं?
इस प्रतिनिधिमंडल में वाशिंगटन राज्य के सात शहरों के मेयर शामिल हैं। इनमें केंट की मेयर डाना राल्फ, टुकविला के मेयर थॉमस मैकलियोड, इसाक्वा के मेयर मार्क मुललेट, मुकिल्टियो के जोसेफ मरीन, ड्यूपॉन्ट के रोनाल्ड जे. फ्रेडरिक, यूनिवर्सिटी प्लेस के स्टेनली एल. के. फ्लेमिंग और सी-टैक के मेयर मोहम्मद एगल शामिल हैं। ये सभी अपने-अपने शहरों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस यात्रा से इन दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करना हें।
मेयरों के अलावा प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल है?
12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में मेयरों के अलावा स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधि और आर्थिक विकास से जुड़े अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें ड्यूपॉन्ट के काउंसिल सदस्य जुगल ठाकोर, यूनिवर्सिटी प्लेस की कार्यवाहक मेयर डेनिस मैकक्लस्की, केंट के काउंसिल सदस्य टोनी ट्राउटनर और केंट के आर्थिक विकास निदेशक कर्ट हैनसन के नाम शामिल हैं। इनकी भागीदारी से इस यात्रा में स्थानीय प्रशासन और आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की संभावनाएं हैं। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य भारत और वाशिंगटन राज्य के बीच आपसी संवाद को बढ़ावा देना तथा भविष्य में सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी के रास्ते तलाशना है।
भारत के किन शहरों का करेंगें दौरा
यह प्रतिनिधिमंडल 11 से 18 अक्टूबर तक भारत में रहेगा। इस दौरान यह अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल दिल्ली, भुवनेश्वर और मुंबई का कार्यक्रम है। इस यात्रा की शुरुआत रविवार को सिएटल से हुई। हालांकि, तीनों शहरों में पहुंचने की तारीखों, बैठकों के समय और भारतीय पक्ष के साथ होने वाले कार्यक्रमों का विस्तृत ब्योरा अभी साझा नहीं किया गया है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिनिधिमंडल किस शहर में किन अधिकारियों से मुलाकात करेगा। फिलहाल, घोषित कार्यक्रम में इन तीनों शहरों का दौरा शामिल है।
भारत-अमेरिका संबंधों को मिलेगी नई दिशा?
भारत के महावाणिज्य दूतावास ने प्रतिनिधिमंडल की सफल और समृद्ध यात्रा की कामना की है। साथ ही उम्मीद जताई है कि इस दौरे से भारत और वाशिंगटन राज्य के बीच संबंध और मजबूत होंगे तथा दोनों पक्षों को सार्थक संवाद और आपसी सहयोग के नए अवसर मिलेंगे। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब स्थानीय स्तर पर संपर्क और सहयोग के जरिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। अब इस दौरे के दौरान होने वाली मुलाकातों और चर्चाओं पर नजर रहेगी, जिनसे भारत और वाशिंगटन राज्य के बीच भविष्य में सहयोग की नई संभावनाएं सामने आ सकती हैं।
