बड़ा हादसा! 700 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 8 लोगों की दर्दनाक मौत

# ## National

रायगढ़: इस वक्त की बड़ी खबर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से सामने आ रही है। यहां एक दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत होगई है। जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के अम्बेनाली घाट के पास एक स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार 8 लोगों की मौत हो गई। प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित अम्बेनाली घाट में ये हादसा हुआ है।

सभी 8 लोगों की मौत

शुरुआती जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में 8 लोग सवार थे, जिसमें से सभी की मौत हो गई है। फिलहाल खोज और बचाव दलों ने सफलतापूर्वक दो शव बरामद कर लिए हैं। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि यह स्कॉर्पियो सतारा जिले के असगांव गांव की है। वहीं रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 500 से 700 फीट गहरी खाई से दो शव बरामद किए गए हैं, बाकी शवों की तलाश जारी है।

मृतकों के नाम-

  1. अंश समीर चव्हाण (19), निवासी बोरगांव, तहसील चिपलून, जिला रत्नागिरी
  2. रितेश राजेंद्र लोखंडे (22), निवासी आसगांव, तहसील सातारा, जिला सातारा
  3. सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), निवासी आसगांव, तहसील सातारा, जिला सातारा
  4. उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), निवासी मरडे, तहसील सातारा, जिला सातारा
  5. निखिल अभिमन्यू शिंगटे (25), मरडे, तहसील सातारा, जिला सातारा
  6. महेश अनिल पवार (25), निवासी आसगांव, तहसील सातारा, जिला सातारा
  7. आदित्य अशोक साळुंखे (21), निवासी आसगांव, तहसील सातारा, जिला सातारा
  8. राजेश अशोक काटकर (35), निवासी खटाव, तहसील खटाव, जिला सातारा

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

गौरतलब है कि रायगढ़ और सतारा जिलों की सीमा पर स्थित अम्बेनाली घाट को बेहद खतरनाक माना जाता है और यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि ये सभी लोग कोंकण या महाबलेश्वर घूमने आए होंगे। स्थानीय प्रशासन, पर्वतारोही और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं, लेकिन गहरी खाई और दुर्गम भूभाग बचाव अभियान में कई मुश्किलें पैदा कर रहे हैं। रात के अंधेरे में शवों की तलाश में काफी कठिनाई हुई। हालांकि, दिन निकलने के साथ ही बचाव अभियान में तेजी आने की संभावना है।