महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के महागांव तहसील के बिजोरा टोल नाके के पास गो- तस्करों ने बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी। मृतक की पहचान गजानन सुरोशे के रूप में हुई है। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है।
संदेह होने पर किया था पीछा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार देर रात की है। बिजोरा टोल नाके पर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता मौजूद थे, तभी उन्हें एक संदिग्ध पिकअप वैन तेज रफ्तार में जाती हुई दिखाई दी। वाहन में 8 से 10 गोवंश होने की आशंका पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बाइक से उसका पीछा किया। इस दौरान पिकअप वाहन ने कार्यकर्ताओं की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दो बजरंग दल कार्यकर्ता घायल हो गए।
गजानन पर हुआ जानलेवा हमला
जिस वक्त यह हादसा हुआ, बजरंग दल का कार्यकर्ता गजानन सुरोशे भी अपनी कार से उसी रूट से गुजर रहा था। अपने साथियों को घायल देख और पिकअप वैन को भागते हुए पाकर गजानन ने अपनी कार से तस्करों का पीछा करना शुरू कर दिया।
तस्कर हाईवे छोड़कर सुकळी गांव की तरफ मुड़ गए, जहां गजानन भी उनके पीछे पहुंच गया। लेकिन वहां पहुंचते ही तस्करों ने गजानन सुरोशे की कार को घेरकर उस पर जमकर पथराव किया और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया, जिसमें घायल गजानन की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तस्कर गाड़ी में मौजूद मवेशियों को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
