चीन में मिला 4 हजार साल पुराना विशाल महल, भव्‍यता देख फटी रह गईं विशेषज्ञों की आंखें

# ##

(www.arya-tv.com) चीन में 4000 साल पुराने की महल की खोज ने दुनियाभर के पुरातत्‍वविदों का ध्‍यान अपनी ओर खींचा है। बताया जा रहा है कि यह महल मध्‍य चीन के हेनान प्रांत शिनमी पुरातात्विक स्‍थल पर मिला है। यह पुरास्‍थल चीन के इतिहास में बहुत अहम‍ियत रखता है।

शोधकर्ताओं ने बताया कि यह महल संभवत: शिया राजवंश (2070-1600 ईसापूर्व) के दौरान चीन के हेनान प्रांत में बनाया गया था। जिस शहर में यह महल स्थित है, वह चारों ओर से दीवार से घिरा हुआ था। अवशेषों से भरा हुआ यह पूरा इलाका 17 हेक्‍टेयर में फैला हुआ है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्‍हुआ ने इस महल के खोज की जानकारी दी है। पुरातत्वविदों ने कुछ साल पहले झेंशुई नदी के पूर्वी किनारे पर इस प्राचीन शहर के अवशेषों को खोजा था। यह प्राचीन शहर करीब 176,000 वर्ग मीटर के आयताकार क्षेत्र में फैला हुआ है।

यह बहुत अच्छी तरह से संरक्षित शहर प्राचीन लोंगशान संस्कृति से जुड़ा हुआ है। यह चीन की एक प्राचीन सभ्यता थी, जो आज के हेनान प्रांत और उसके आसपास के क्षेत्रों में निवास करती थी। खोजे गए राजमहल के अवशेषों में नींव का ढांचा शामिल है, जो मिट्टी, चाक या चूने जैसी कच्ची सामग्री को दबाकर बनाया गया है।

चीन का महल कितना खास ?

इस खोदे गए विशाल महल के अवशेष लगभग 60 मीटर लंबे और 30 मीटर चौड़े हैं, जो 1,800 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में फैले हुए हैं। यह बीच में ऊंचा है और चारों तरफ नीचा है, जिसके ऊपर समतल सतह और स्तंभों के छेद समान दूरी पर बने हुए हैं।

महल के संरचना में बने छेदों से संकेत मिलता है कि यह कैसे दिखता होगा। खुदाई दल के प्रमुख ली बो ने सिन्हुआ को बताया कि उनका मानना है कि ये छेद दर्शाते हैं कि ‘नींव दक्षिण और उत्तर में छतों, पूर्व और पश्चिम में बरामदों और बीच में एक आंगन के साथ एक आवास परिसर से संबंधित थी।’

हेनान प्रांत में ही एक अन्य प्राचीन शहर झोउकोऊ में और भी पुरातात्विक खोज हुई हैं। इनके बारे में माना जाता है कि वे लोंगशान संस्कृति और शिया राजवंश के काल के हैं। शोधकर्ताओं को झुकूई मंदिर स्थल पर राख के गड्ढों, खाइयों और अन्य वास्तु अवशेष मिले हैं।

इन खोजों में सबसे महत्वपूर्ण खोज मिट्टी के स्तंभों और मिट्टी की दीवारों से बने दो गोलाकार भवनों के अवशेष थे। इनका उपयोग संभवतः अनाज के भंडारण के लिए किया जाता था।

खुदाई दल का नेतृत्व करने वाले पुरातत्वविद फांग लिक्सिया ने बताया कि ये खोजें क्षेत्र में प्राचीन कृषि प्रथाओं पर प्रकाश डालेंगी। हेनान प्रांत विभिन्न प्राचीन चीनी राजवंशों के समय की कई पुरातात्विक खोजों का घर है।