विराट कोहली से भिड़ने के बाद ट्रैविस हेड की फैमिली तक पहुंचे हेट मैसेज, वाइफ जेसिका ने सुनाई आपबीती

# ## Game

IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले के बाद मैदान पर हुई तीखी नोकझोंक अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। दरअसल, मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रैविस हेड के बीच जमकर बहस देखने को मिली, जिसके बाद नया विवाद खड़ा हो गया। अब ट्रैविस हेड और उनकी पत्नी जेसिका को ऑनलाइन ट्रोलिंग और अपमानजनक संदेशों का सामना करना पड़ा। मामला इतना बढ़ गया कि जेसिका हेड को सामने आकर लोगों से खिलाड़ियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान बनाए रखने की अपील करनी पड़ी।

मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रैविस हेड के बीच माहौल काफी गर्म नजर आया। बल्लेबाजी करते समय कोहली ने हेड को चिढ़ाते हुए गेंदबाजी के लिए बुलाने का इशारा किया था। हालांकि, कोहली सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ट्रैविस हेड ने मजाकिया अंदाज में कहा- दोस्त, तुम तो मेरे गेंदबाजी करने से पहले ही आउट हो गए। इस मुकाबले के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव और बढ़ता दिखा। वायरल वीडियो में देखा गया कि ट्रैविस हेड ने विराट कोहली से हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन कोहली बिना नजर मिलाए आगे बढ़ गए। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच बहस छिड़ गई और कई लोगों ने ट्रैविस हेड और उनके परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

ट्रैविस हेड की पत्नी का सामने आया बड़ा बयान

ट्रैविस हेड की पत्नी जेसिका ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके दोस्तों और परिवार वालों को भी अपमानजनक संदेश भेजे गए। उन्होंने कहा कि यह सब उन्हें 2023 ODI वर्ल्ड कप फाइनल के बाद हुई ट्रोलिंग की याद दिलाता है। गौरतलब है कि उस फाइनल में हेड ने शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ जीत दिलाई थी, जिसके बाद भी उन्हें और उनके परिवार को काफी नफरत भरे संदेश मिले थे। जेसिका ने कहा कि यह बिल्कुल वैसा ही लग रहा है जैसा वर्ल्ड कप के बाद हुआ था। सुबह उठते ही सोशल मीडिया पर ढेरों अपमानजनक संदेश दिखाई दिए। हम ठीक हैं, लेकिन लोग हमारे दोस्तों और परिवार पर निशाना साध रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि खेल में जुनून होना जरूरी है, लेकिन खिलाड़ियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। जेसिका ने मानसिक स्वास्थ्य का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों को सोशल मीडिया पर अपनी भाषा और व्यवहार को लेकर ज्यादा संवेदनशील होना चाहिए।

प्लेऑफ में RCB की GT से टक्कर

इस बीच IPL 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर साफ हो गई है। डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने लीग स्टेज शानदार अंदाज में खत्म किया। टीम ने 14 में से 9 मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया और अब 26 मई को धर्मशाला में क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस का सामना करेगी।