प्रदेश कार्यालय में बवाल:टिकट के लिए प्रांतीय अध्यक्ष की गाड़ी के आगे लेटे

# Kanpur Zone

(www.arya-tv.com)  कानपुर के कांग्रेसियों के बीच पार्षद के टिकट के लिए घमासान मचा है। कानपुर के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में डेरा डाल दिया और देर रात तक जमकर हंगामा किया। प्रांतीय अध्यक्ष की गाड़ी के आगे लेट गए। घर के बाहर हंगामा और गाली-गलौज किया। इसके बाद सोमवार को कांग्रेस ने 90 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। 20 विवादित वार्ड की सूचियों को अभी होल्ड कर दिया है। प्रदेश के नेता इस पर मंथन कर रहे हैं।

बवाल और हंगामा के चलते 20 वार्ड के प्रत्याशियों की लिस्ट होल्ड
कानपुर में भाजपा और सपा ने पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। लेकिन, कांग्रेस में इतनी घमासान मची है कि अभी तक पूरे प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं कर सके हैं। कानपुर के कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेताओं ने रविवार रात को प्रदेश कार्यालय में डेरा डाल दिया और जमकर हंगामा काटा। इतना ही नहीं प्रांतीय अध्यक्ष अनिल यादव की गाड़ी के आगे कार्यकर्ता लेट गए और बोले कि ये ठीक नहीं है। उनके साथ नाइंसाफी की जा रही है। इसके बाद सुबह भी प्रांतीय अध्यक्ष के घर के बाहर हंगामा और गाली-गलौज किया।तब जाकर काफी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस 90 प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकी। 20 वार्ड के प्रत्याशियों की सूची होल्ड कर दी है। अभी भी कानपुर से लेकर प्रदेश कार्यालय के बीच इन 20 वार्ड के प्रत्याशियों की सूची जारी करने को लेकर हंगामा मचा है। कार्यकर्ता पदाधिकारियों के यहां डेरा डाले हैं।

नामांकन का आखिरी दिन होने के चलते बढ़ी बेचैनी
निकाय चुनाव में सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन है। इसके चलते कार्यकर्ताओं और नेताओं में बेचैनी बढ़ी थी। अभी भी जिन 20 वार्ड की सूची जारी नहीं हुई है। उन वार्ड के प्रत्याशी और पांच साल से पार्टी की ओर से तैयारी कर रहे कार्यकर्ता टिकट के लिए जूझ रहे हैं।