शिव मंदिर की छत गिरी:एक महिला श्रद्धालु की मौत: मलबे में 10 से 12 श्रद्धालु दबे

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा में सोमवार सुबह शिव मंदिर की छत गिर गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। जबकि मलबे में 10 से 12 श्रद्धालु दब गए। सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू की टीम मौके पर पहुंचीं। मलबे से 7 लोगों को अब तक निकाला जा चुका है। इनमें एक की हालत गंभीर है।

हादसा शाहगंज क्षेत्र में राधे वाली गली के शिव मंदिर का है। दरअसल, सावन का सोमवार होने के चलते मंदिर में कांवड़ चढ़ाई जा रही थी। मोहल्ले के कुछ युवक पहली बार डाक कांवड़ लेकर आए थे। रात से मंदिर में कांवड़ की तैयारी चल रही थीं। सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ थी। मंदिर में हर हर महादेव के जयकारे लग रहे थे। तभी अचानक मंदिर परिसर की छत गिर गई। जयकारों के बीच लोगों के चीखने की आवाज आने लगी। मंदिर में भगदड़ मच गई। चीख पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग आए। मलबे के नीचे ज्यादातर महिलाएं दब गई थीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें निकाला।

पास के प्राइवेट हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया
प्रत्यक्षदर्शी बंटू शर्मा ने बताया कि मोहल्ले के कुछ युवक कांवड़ लेकर आए थे। सुबह 7 बजे के करीब मंदिर में कांवड़ चढ़ाई गई। मंदिर गली नंबर 14 में है। मंदिर का एक रास्ता गली नंबर 15 से भी है। सुबह जब कांवड चढ़ रही थीं तो मंदिर करीब 500 लोग थे। जो छज्जा गिरा है, उसके नीचे ही करीब 100 महिलाएं खड़ी थीं। प्रसाद वितरण के बाद लोग जाने लगे। मगर, गली नंबर 15 की महिलाएं वहीं खड़ी रहीं। प्रसाद बांटते में अचानक छज्जा गिर गया। उसमें आठ महिलाएं दबीं। सबको निकालकर पास के प्राइवेट हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया।