- श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ श्री सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारा
लखनऊ। श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज की असीम कृपा से मंगलवार को आशियाना स्थित श्री बालाजी ढाबा रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स में श्री सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों के साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं हनुमान पूजन के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्वान आचार्यों द्वारा श्रद्धापूर्वक श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पाठ का श्रवण कर बालाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुंदरकांड पाठ के बाद बालाजी महाराज की महाआरती संपन्न हुई। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में पहुंचे लोगों ने धार्मिक एवं सामाजिक समरसता के इस आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम के आयोजक धर्मपाल यादव एवं धर्मराज यादव परिवार ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
